यूपी भाजपा की नई टीम का ऐलान: पूजा पाल उपाध्यक्ष, राजनाथ के बेटे की एंट्री

· 1 min read
यूपी भाजपा की नई टीम का ऐलान: पूजा पाल उपाध्यक्ष, राजनाथ के बेटे की एंट्री

यूपी भाजपा की नई टीम का ऐलान: पूजा पाल उपाध्यक्ष, राजनाथ के बेटे की एंट्री, OBC बढ़े, ठाकुर-ब्राह्मण कम

विधानसभा चुनाव से पहले यूपी भाजपा की नई टीम घोषित

उत्तर प्रदेश भाजपा की नई टीम का ऐलान गुरुवार को कर दिया गया। 64 पदाधिकारियों की इस लिस्ट में 52 लोगों को प्रदेश कार्यकारिणी में जगह मिली है। इनमें 19 उपाध्यक्ष, 19 मंत्री, 8 महामंत्री और 6 मोर्चा अध्यक्ष शामिल हैं। सपा से बगावत कर भाजपा में शामिल हुईं विधायक पूजा पाल को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे नीरज सिंह को भी प्रदेश टीम में उपाध्यक्ष के तौर पर शामिल किया गया है।

जातिगत समीकरणों में बदलाव

नई टीम में ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) की संख्या 16 से बढ़कर 25 हो गई है। सामान्य वर्ग के 21 चेहरों को जगह मिली है। वहीं, ठाकुरों की संख्या 7 से घटकर 6 और ब्राह्मणों की संख्या 8 से घटकर 7 हो गई है। इसके अलावा 4 भूमिहार, 3 वैश्य और 1 श्रीवास्तव को भी टीम में शामिल किया गया है। अनुसूचित जाति (SC) से 7 लोगों को प्रतिनिधित्व मिला है, जबकि अनुसूचित जनजाति (ST) से इंजीनियर विद्याभूषण गोंड को जगह दी गई है।

सिर्फ 7 पुराने चेहरे रिपीट, कई नए चेहरों को मौका

52 सदस्यों की प्रदेश कार्यकारिणी में केवल 7 चेहरे ही पिछली टीम से दोहराए गए हैं। उपाध्यक्ष पद पर 15 नए चेहरे शामिल किए गए हैं, जबकि 4 पुराने चेहरे बरकरार हैं। 8 महामंत्रियों में केवल एक संजय राय को रिपीट किया गया है, बाकी 7 नए हैं। प्रदेश मंत्रियों की संख्या 16 से बढ़ाकर 19 की गई है, जिनमें सिर्फ 2 पुराने चेहरे हैं और 17 नए। मोर्चा अध्यक्षों में कोई भी रिपीट नहीं हुआ है।

चौंकाने वाले नामों की एंट्री

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी मांट के विधायक राजेश चौधरी को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। गृहमंत्री अमित शाह के पीए अंकुर शर्मा को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। पत्रकार यतेंद्र शर्मा को भी प्रदेश मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व मंत्री सुरेश राणा और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कामेश्वर सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। प्रकाश पाल पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं, जबकि इंजीनियर विद्याभूषण गोंड एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने हैं।

सभी 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष बदले गए

नई टीम में संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए सभी 6 क्षेत्रीय अध्यक्षों को बदला गया है। अभिजात मिश्रा, अर्चना मिश्रा, गीता शाक्य, शंकर लोधी और दिलीप पटेल जैसे नेताओं को प्रमोशन देकर प्रदेश महामंत्री बनाया गया है।

2027 विधानसभा चुनाव पर फोकस

नई टीम की प्रमुख जिम्मेदारी 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की होगी। यह टीम प्रचार, चुनाव प्रबंधन, सदस्यता अभियान और रैलियों का नेतृत्व करेगी। केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के फैसलों को जमीनी स्तर पर उतारना भी इसी टीम का काम होगा। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी साल में प्रदेश पदाधिकारियों की भूमिका मंत्रियों के बराबर महत्वपूर्ण होती है।

Pushpendra Chaubey