ABVP का भोपाल में प्रदर्शन, MLBB गर्ल्स कॉलेज के पास शराब दुकान हटाने की मांग

· 1 min read
ABVP का भोपाल में प्रदर्शन, MLBB गर्ल्स कॉलेज के पास शराब दुकान हटाने की मांग

भाजपा सरकार के खिलाफ सड़क पर ABVP:कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी, कहा- MLB गर्ल्स-कॉलेज के पास से शराब दुकान हटाएं

ABVP ने भोपाल में किया छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रदर्शन

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को भोपाल के पॉलिटेक्निक चौराहे पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे तथा महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) गर्ल्स कॉलेज के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग की।

सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी, बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पोस्टरों पर “शिक्षा के मंदिर के पास शराब की दुकान नहीं चलेगी” और “जहां ज्ञान की ज्योति जलती है, वहां शराब की दुकान नहीं चलती” जैसे संदेश लिखे थे। कुछ छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर भी विरोध जताते नजर आए। स्थिति को देखते हुए मौके पर 200 से अधिक पुलिसकर्मी, वरिष्ठ अधिकारी और वॉटर कैनन तैनात किए गए थे।

कलेक्टर ने दिया सात दिन में निर्णय का आश्वासन, प्रदर्शन समाप्त

प्रदर्शन के दौरान भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा छात्रों से मिलने पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि मामले में नियमानुसार जांच कर सात दिन के भीतर निर्णय लिया जाएगा। कलेक्टर के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर शराब दुकान नहीं हटाई गई तो आठवें दिन से फिर आंदोलन शुरू किया जाएगा।

कलेक्टर बोले- 3 जून को दिया था नोटिस, मामला हाईकोर्ट में

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि पदभार संभालने के समय ही उन्हें इस शराब दुकान से जुड़े विवाद की जानकारी मिली थी। पूर्व में दिए गए ज्ञापन और शिकायतों के आधार पर 3 जून को संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया था। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा, जहां से जिला स्तरीय समिति को सुनवाई कर निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कॉलेज से दुकान की दूरी सहित सभी नियमों और तथ्यों की जांच की जा रही है। समिति की रिपोर्ट और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर पारदर्शी तरीके से निर्णय लिया जाएगा।

ABVP नेता बोले- छात्राओं की सुरक्षा खतरे में

एबीवीपी के भोपाल महानगर सह मंत्री अमित महावर ने कहा कि एमएलबी गर्ल्स कॉलेज के पास शराब दुकान का संचालन छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण के लिए उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज के नजदीक शराब दुकान होने से छात्राओं को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।

सीसीटीवी कैमरे लगाने, ओवरब्रिज बनाने की भी मांग

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने कलेक्टर के सामने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि फ्लाईओवर के आसपास अकसर असामाजिक गतिविधियां देखने को मिलती हैं, जिससे छात्राओं को परेशानी होती है। परिषद ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षित आवागमन के लिए ओवरब्रिज निर्माण और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास संचालित शराब दुकानों को हटाने की मांग की।

एक साल से मुद्दे को उठा रही परिषद, आंदोलन को व्यापक बनाने की चेतावनी

एबीवीपी के प्रांत संयोजक शिवम जाट ने कहा कि परिषद एक साल से इस मुद्दे को उठा रही है। कई बार ज्ञापन और निवेदन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण आंदोलन का सहारा लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने समय सीमा के भीतर निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Sharad Shrivastava