अटल पथ पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: खरगे बोले- भारत-यूएस डील किसानों के लिए 'डेथ वारंट'.

· 1 min read
अटल पथ पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: खरगे बोले- भारत-यूएस डील किसानों के लिए 'डेथ वारंट'.

अटल पथ पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: खरगे बोले, भारत-अमेरिका डील किसानों के लिए 'डेथ वारंट'

जवाहर चौक, अटल पथ पर आयोजित किसान महाचौपाल में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मध्य प्रदेश की धरती से उठी आवाज पूरे देश में जाएगी। उन्होंने भारत-यूएस की डील को किसानों के लिए 'डेथ वारंट' करार दिया। खरगे ने आरोप लगाया कि 21वीं सदी की सबसे बड़ी संपत्ति डेटा है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने विदेशियों के हाथ गिरवी रख दिया है। उन्होंने नरेंद्र मोदी को 'डरपोक पीएम' बताया और कहा कि वे आंख में आंख मिलाकर बात नहीं कर पाते हैं। खरगे ने आगाह किया कि इस समझौते से टेक्सटाइल और कृषि क्षेत्र पूरी तरह तबाह हो जाएंगे और कांग्रेस इसके खिलाफ सड़क से संसद तक लड़ाई लड़ेगी।

राहुल गांधी की भविष्यवाणियां सच साबित हुईं: जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) प्रमुख जीतू पटवारी ने राहुल गांधी की भविष्यवाणियों का जिक्र करते हुए कहा कि जैसे नोटबंदी, जीएसटी, कोविड और काले कृषि कानूनों पर उनकी बातें सच साबित हुई थीं, वैसे ही इस कॉम्प्रोमाइज्ड ट्रेड डील की सच्चाई भी देश देख रहा है। पटवारी ने 'संगठन सृजन' की ताकत का हवाला देते हुए भाजपा को करारा जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि वे 0% टैरिफ के नाम पर देश को गुमराह कर रहे हैं। पटवारी ने दो दिन पहले भाजपा से भिड़ंत करने वाले कार्यकर्ताओं को 'बब्बर शेर' बताया।

निमाड़ में कपास के दाम 11% गिरे: उमंग सिंघार

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आंकड़ों के जरिए सरकार पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जैसे ही इस डील की खबर आई, निमाड़ के किसानों के कपास के दाम 11% गिर गए। सिंघार ने चेतावनी दी कि विदेशों से आने वाले दूध के कारण 50 रुपए लीटर का दूध 15-20 पर आ जाएगा, जिससे पशुपालक बर्बाद हो जाएंगे।

L. N. Bhargava