अटल पथ पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: खरगे ने भारत-अमेरिका डील को बताया 'डेथ वारंट'
जवाहर चौक, अटल पथ पर आयोजित किसान महाचौपाल में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि मध्य प्रदेश की धरती से उठी यह आवाज पूरे देश में जाएगी। खरगे ने भारत-अमेरिका के बीच हुई डील को किसानों के लिए 'डेथ वारंट' करार दिया।
खरगे ने मोदी सरकार पर साधा निशाना: डेटा को बताया गिरवी
खरगे ने अपने संबोधन में कहा कि 21वीं सदी की सबसे बड़ी संपत्ति डेटा है, जिसे नरेंद्र मोदी ने विदेशियों के हाथ गिरवी रख दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'डरपोक पीएम' बताते हुए कहा कि वे आंख में आंख मिलाकर बात नहीं कर पाते हैं। खरगे ने यह भी चेतावनी दी कि यह समझौता भारत के टेक्सटाइल और कृषि क्षेत्र को पूरी तरह तबाह कर देगा, जिसके खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ेगी।
जीतू पटवारी ने राहुल गांधी की भविष्यवाणियों का किया जिक्र
प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) प्रमुख जीतू पटवारी ने अपने भाषण में राहुल गांधी की भविष्यवाणियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जैसे नोटबंदी, जीएसटी, कोविड और काले कृषि कानूनों पर राहुल गांधी की बातें सच साबित हुई थीं, वैसे ही इस 'कॉम्प्रोमाइज्ड ट्रेड डील' की सच्चाई भी देश देख रहा है। पटवारी ने 'संगठन सृजन' की ताकत पर जोर देते हुए भाजपा को मुड़तोड़ जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान पर भी निशाना साधा कि वे 0% टैरिफ के नाम पर देश को गुमराह कर रहे हैं। पटवारी ने दो दिन पहले भाजपा से भिड़ंत करने वाले कार्यकर्ताओं को 'बब्बर शेर' कहकर उनकी प्रशंसा की।
उमंग सिंघार ने आंकड़ों के जरिए उठाया सवाल: निमाड़ में गिरे कपास के दाम
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आंकड़ों के साथ इस डील के संभावित प्रभावों पर प्रहार किया। उन्होंने बताया कि जैसे ही इस डील की खबर आई, निमाड़ क्षेत्र के किसानों के कपास के दाम 11% गिर गए। सिंघार ने यह भी चेतावनी दी कि विदेशों से आने वाले दूध के कारण 50 रुपए प्रति लीटर बिकने वाला दूध 15-20 रुपए पर आ जाएगा, जिससे पशुपालक पूरी तरह से बर्बाद हो जाएंगे।
Sharad Shrivastava