बेगूसराय में मुकेश सहनी और जिग्नेश मेवानी का महागठबंधन को समर्थन
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने बेगूसराय के मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन के राजद प्रत्याशी नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो हर घर के युवाओं को नौकरी और महिलाओं को ‘माय बहन योजना’ के तहत 2500 रुपए महीना दिया जाएगा। सहनी ने आश्वासन दिया कि बिहार को भय और भ्रष्टाचार मुक्त बनाकर रोजगार और विकास पर ध्यान दिया जाएगा।
जिग्नेश मेवानी ने मोदी-शाह को बताया धोखेबाज
गुजरात के विधायक और कांग्रेस नेता जिग्नेश मेवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सिर्फ सपने दिखाते हैं और जनता को धोखा देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात में 28 वर्षों की शासन अवधि में भाजपा सरकार ने 8 लाख लोगों को भी नौकरी नहीं दी। उन्होंने बिहार के लोगों से मोदी सरकार से सवाल पूछने की अपील की।
बोगो सिंह का मटिहानी के लिए संकल्प
राजद प्रत्याशी बोगो सिंह ने कहा कि वे 28 वर्षों से चुनाव लड़ रहे हैं और मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन पर नकारात्मकता का आरोप लगाते हुए लोकतंत्र की रक्षा की मांग की। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि प्रशासन ईमानदारी से काम नहीं करेगा तो वे कड़ा कदम उठाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कपिलदेव राय ने की और संचालन वीआईपी के जिलाध्यक्ष जय जयराम सहनी ने किया।
Vivek Singh