भीषण गर्मी से राहत! उत्तर भारत में आंधी-बारिश का अगले 3 दिन अलर्ट

· 1 min read
भीषण गर्मी से राहत! उत्तर भारत में आंधी-बारिश का अगले 3 दिन अलर्ट

भीषण गर्मी के बाद बदलेगा मौसम, उत्तर भारत में आंधी और बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहा था। दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब तक सूरज आग बरसा रहा था। बांदा में पारा 47.5 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 47.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

गुरुवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई और लोगों को तपिश से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने साफ किया है कि यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से हुआ है और आने वाले तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है।

यूपी के 43 जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में तेज आंधी और बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, बरेली, सहारनपुर, अलीगढ़, बिजनौर, बदायूं और आसपास के इलाकों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। कई जगह ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड के कुछ इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। बदायूं और मुरादाबाद में तेज आंधी से पेड़ और बिजली के खंभे टूट गए। लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में देर रात बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

कहीं राहत, कहीं आफत बन गया मौसम

जहां बारिश ने गर्मी से राहत दी, वहीं कई जगह यह आफत भी बन गई। हरियाणा के नूंह में तेज आंधी के दौरान स्कूल की दीवार गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गांव में घर की दीवार गिरने से दूसरे बच्चे की जान चली गई। चार बच्चे घायल भी हुए हैं। उत्तराखंड के पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में 100 से 200 ग्राम तक के भारी ओले गिरे, जिससे वाहनों के शीशे टूट गए और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि राहत की बात यह रही कि जंगलों में लगी आग बारिश के कारण बुझ गई। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

अगले तीन दिन राहत भरे लेकिन रहें एलर्ट

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 72 घंटे उत्तर भारत के लिए काफी अहम होंगे। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। इससे गर्मी और लू से राहत मिलेगी, लेकिन आंधी-तूफान और ओलावृष्टि लोगों के लिए नई परेशानी भी खड़ी कर सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने, बेवजह घर से बाहर न निकलने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Arvind Vishwakarma