भोपाल-इंदौर में 250 करोड़ की टैक्स चोरी का खुलासा
भोपाल और इंदौर में आयकर विभाग की व्यापक छापेमारी के दौरान 250 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई में भोपाल के साइंस हाउस मेडिकल प्राइवेट लिमिटेड और इंदौर के डीसेंट मेडिकल्स को मुख्य रूप से निशाना बनाया गया।
डिसेंट मेडिकल्स और साइंस हाउस पर बड़ी कार्रवाई
आयकर विभाग ने डीसेंट मेडिकल्स और साइंस हाउस के ठिकानों से 150 करोड़ रुपए की बोगस बिलिंग के दस्तावेज जब्त किए हैं। छापेमारी के दौरान भोपाल में 2 करोड़ नकद और इंदौर में 12 लाख रुपए नकद के अलावा एक सीज किया गया लॉकर भी मिला है, जिसे आज खोला जाएगा।
राजेश गुप्ता के ठिकानों से विदेशी लिंक के सबूत
मेडिकल डिवाइस सप्लायर राजेश गुप्ता के ठिकानों से 100 करोड़ रुपए की टैक्स चोरी और बोगस बिलिंग के दस्तावेज प्राप्त हुए। आयकर टीम को गुप्ता के युगांडा में निवेश और रियल एस्टेट में अवैध लेनदेन के प्रमाण भी मिले हैं।
देश-विदेश से सस्ते उपकरण मंगाने का खेल
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि मेडिकल डिवाइस को कम कीमत पर विदेशों और अन्य राज्यों से मंगाकर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। इस रैकेट के जरिए बड़े पैमाने पर फर्जी बिलिंग की जाती थी।
आयकर विभाग की यह छापेमारी भोपाल, इंदौर, मुंबई समेत 30 से अधिक ठिकानों पर अभी भी जारी है। विभाग का मानना है कि जांच पूरी होने पर और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।