भोपाल के मैरिज गार्डन में बारात पर पत्थरबाजी, दो युवक घायल
भोपाल के बाग-ओ-बहार मैरिज गार्डन में रविवार देर रात एक विवाह समारोह के दौरान बारात पर पत्थरबाजी और मारपीट की घटना हुई। इस हमले में दो युवक घायल हो गए, जिनमें एक को गंभीर चोटें आई हैं।
पान की गुमटी से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत तब हुई जब बारात के कुछ युवक पास की पान की गुमटी से सामान लेकर बिना पैसे दिए आगे बढ़ गए। इस पर गुमटी संचालक ने आपत्ति जताई और उनके साथ बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर गुमटी संचालक ने अपने परिजनों को बुला लिया, जिससे मामला और बिगड़ गया।
समारोह में मौजूद लोगों का कहना है कि विवाद पहले गुमटी वाले और किसी अन्य युवक के बीच हुआ। बाद में वही युवक शादी गार्डन के अंदर घुस गया। इसके बाद गुमटी संचालक के परिजन भी उसके साथ मैरिज गार्डन में आए और वहां मौजूद लोगों से मारपीट शुरू कर दी।
मैरिज गार्डन के भीतर और बाहर पत्थरबाजी
घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ युवक मैरिज गार्डन के बाहर और अंदर पत्थर फेंकते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अफरा-तफरी का माहौल नजर आता है और मेहमान अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हुए दिखते हैं।
दो युवक घायल, झारे से किया गया हमला
मारपीट के दौरान बुधवारा निवासी शहजादे के सिर पर खाना बनाने वाले झारे से हमला किया गया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। एक अन्य युवक भी झगड़े में घायल हुआ। दोनों घायलों को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। थाना प्रभारी के. शुक्ला ने बताया कि दो युवकों को चोट आई है और किसी महिला के घायल होने की सूचना नहीं है। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वीडियो तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। देर रात तक विवाह स्थल और आसपास के क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से हालात पर निगरानी रखी जा रही है।
Vivek Singh