एमपी में LPG संकट : रायसेन में चक्काजाम, डॉक्टर बोले - खाली पेट करेंगे ड्यूटी

· 1 min read
एमपी में  LPG संकट :  रायसेन  में चक्काजाम,  डॉक्टर बोले - खाली पेट करेंगे ड्यूटी

LPG संकट: मध्य प्रदेश में गहराया रसोई गैस का संकट, लोग परेशान

मध्य प्रदेश में रसोई गैस (LPG) का संकट लगातार गहराता जा रहा है। पिछले पांच दिनों से राज्य के 50 हजार से अधिक होटल और रेस्टोरेंट को कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो पाई है, जिससे प्रदेश की खान-पान व्यवस्था ठप होने की कगार पर है। कई होटलों में केवल 24 घंटे का स्टॉक बचा है, जबकि घरेलू रसोई का संकट भी भयावह होता जा रहा है।

रायसेन में उग्र प्रदर्शन, चक्काजाम

गैस किल्लत का सबसे उग्र रूप रायसेन जिले में देखने को मिला। सागर रोड स्थित एक गैस एजेंसी पर सुबह 5 बजे से कतार में लगे सैकड़ों उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। जब सुबह 10 बजे तक एजेंसी नहीं खुली, तो लोगों ने खाली सिलेंडरों को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।

भोपाल में डॉक्टर्स को खाली पेट ड्यूटी का खतरा

राजधानी भोपाल में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। गांधी मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टरों ने चिंता व्यक्त की है, बताया है कि परिसर में 16 हॉस्टल मेस और कैंटीन के साथ-साथ मरीजों के लिए सेंट्रलाइज्ड किचन हैं। कैंटीन संचालकों को कॉमर्शियल सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, और बुकिंग पर 25 दिन की लंबी वेटिंग दी जा रही है। मेस संचालकों के पास केवल दो दिन का स्टॉक बचा है। डॉक्टरों का कहना है कि यदि जल्द ही आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो उन्हें खाली पेट अपनी ड्यूटी करनी पड़ेगी।

भोपाल के दशहरा मैदान में भी सुबह 6 बजे से 200 से अधिक लोग सिलेंडर के लिए कतार में लगे देखे गए। वैकल्पिक तौर पर लोग इंडक्शन और डीजल भट्ठियों का सहारा ले रहे हैं, लेकिन यह संकट अब आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है।

Adarsh Chaurasiya