भोपाल में अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव के दौरान 13 से 17 अक्टूबर तक बदली यातायात व्यवस्था
भेल दशहरा मैदान में 13 से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले अभिव्यक्ति गरबा महोत्सव के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। नगरीय यातायात पुलिस ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों और आम वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। यह व्यवस्था प्रतिदिन शाम 6 बजे से यातायात के दबाव के अनुसार लागू होगी। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान जाम की स्थिति से बचा जा सके।
निर्धारित वैकल्पिक मार्ग
महात्मा गांधी चौराहे से आईएसबीटी जाने के लिए: महात्मा गांधी चौराहे से कैरियर कॉलेज की ओर आने वाले वाहन गेट नंबर-6, गुलाब उद्यान तिराहा और कस्तूरबा अस्पताल के रास्ते आईएसबीटी व चेतक ब्रिज की ओर जा सकेंगे। एमपी नगर से अवधपुरी की ओर जाने के लिए: एमपी नगर थाना चौराहे से डॉ. भीमराव आंबेडकर फ्लाईओवर, आरआरएल तिराहा और एम्स अस्पताल के सामने से होकर चार लेन सड़क के रास्ते अवधपुरी की ओर आना-जाना किया जा सकेगा। चेतक ब्रिज से महात्मा गांधी चौराहे के लिए: गोविंदपुरा टर्निंग से महात्मा गांधी चौराहे की ओर जाने वाले वाहन सांची डेयरी कट पॉइंट से कस्तूरबा अस्पताल के आगे, गुलाब उद्यान रोड, गेट नंबर-6 और बरखेड़ा मार्केट होते हुए महात्मा गांधी चौराहे तक पहुंच सकेंगे।
आईटीआई तिराहे से चेतक ब्रिज और आईएसबीटी के लिए: आईटीआई तिराहे से कैरियर कॉलेज तिराहा होकर चेतक ब्रिज और आईएसबीटी की ओर जाने वाले वाहन सिक्योरिटी लाइन चौराहे से सांविका पेट्रोल पंप तिराहा होते हुए आगे जा सकेंगे। बसों और व्यावसायिक वाहनों के लिए: सभी प्रकार की बसें और व्यावसायिक वाहन पटेल नगर से 11 मील होते हुए बागसेवनिया के रास्ते आईएसबीटी की ओर आवागमन कर सकेंगे।
सहायता के लिए संपर्क सूत्र
नगरीय यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों के अनुसार चलने की अपील की है। यातायात संबंधी परेशानी होने पर हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 0755-2443850 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 7587602055 पर भी समस्या की जानकारी दी जा सकती है।
L. N. Bhargava