भोपाल RGPV में पानी की किल्लत, छात्रों का प्रदर्शन; 24 घंटे का अल्टीमेटम

· 1 min read
भोपाल RGPV में पानी की किल्लत, छात्रों का प्रदर्शन; 24 घंटे का अल्टीमेटम

भोपाल के आरजीपीवी में पानी की किल्लत, छात्रों का प्रदर्शन

भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित आरजीपीवी (राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय) के चंद्रशेखर हॉस्टल में पानी की किल्लत को लेकर छात्रों ने बुधवार शाम को मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि पिछले डेढ़ से दो महीने से पीने के पानी, नहाने और शौचालय के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं है। इस समस्या से लगभग 250 छात्र प्रभावित हैं।

मुख्य गेट पर चक्का जाम और नारेबाजी

छात्रों ने शाम 4 बजे मुख्य गेट पर बाल्टी और डिब्बे लेकर चक्का जाम कर दिया, जिससे वाहनों का आवागमन बाधित हुआ। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। छात्रों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन केवल टैंकर भेजने की बात कहता है, जो पर्याप्त नहीं है।

गर्ल्स हॉस्टल में भी समस्या

छात्रों ने बताया कि यह समस्या केवल चंद्रशेखर हॉस्टल तक ही सीमित नहीं है, बल्कि बाल्की गर्ल्स हॉस्टल में भी पानी और बिजली की समस्या है। गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने भी पहले विरोध किया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रशासन ने दिया 24 घंटे का आश्वासन

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने छात्रों की मांगों को सुना और 24 घंटे के भीतर व्यवस्था सुधारने का लिखित आश्वासन दिया है। इसके बाद छात्रों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। छात्रों ने कहा कि यदि 24 घंटे में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।

अन्य विभागों में भी बदहाल व्यवस्था

समस्या केवल हॉस्टलों तक ही नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय के अन्य विभागों में भी पीने के पानी की कमी है और सैकड़ों छात्रों के लिए केवल एक वाटर कूलर है। परीक्षा देने आए छात्रों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Satyam Tripathi