बिहार चुनाव में महागठबंधन और NDA के बीच बयानबाजी तेज
बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही महागठबंधन और NDA के बीच राजनीतिक बयानबाजी और प्रचार अभियान तेज हो गया है। महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने गिरिराज सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपने 17 महीनों के कार्यकाल में जो काम किया है, वह गिरिराज सिंह ने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में नहीं किया। तेजस्वी ने अपने घोषणा पत्र में सरकारी कर्मचारियों के तबादले की नीति का उल्लेख किया, जिसमें गृह जिले से 70 किलोमीटर के भीतर तबादला किए जाने की बात कही गई है।
ओवैसी और मुकेश सहनी के बयान
ओवैसी के बयान पर कि 6% वोट वाले को उपमुख्यमंत्री का पद दिया गया जबकि 17% अल्पसंख्यकों को कुछ नहीं, महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा कि ओवैसी को हैदराबाद में काम करना चाहिए। उन्होंने NDA पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा मुस्लिमों को देश से बाहर भेजना चाहती है और बांटने वाली राजनीति कर रही है।
राहुल गांधी की जनसभाएं
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज बुधवार को बिहार में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पहली सभा दोपहर 12:30 बजे मुजफ्फरपुर में और दूसरी 2:15 बजे दरभंगा में आयोजित होगी। चुनावी प्रचार के दौरान महागठबंधन और NDA दोनों ही पक्षों ने पूरी ताकत झोंक दी है। 1 नवंबर से प्रियंका गांधी वाड्रा भी प्रचार अभियान में शामिल होंगी।
Lokendra Mishra