बिहार के कुढ़नी में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की जनसभा
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी आज मुजफ्फरपुर के कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र में जनसभा करेंगे। यह जनसभा कुढ़नी हाई स्कूल मैदान में सुबह 11 बजे शुरू होगी। सम्राट चौधरी भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता के पक्ष में चुनावी समर्थन की अपील करेंगे।
भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता का मुकाबला राजद प्रत्याशी बबलू कुशवाहा से
इस जनसभा में भाजपा के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और सैकड़ों समर्थक भी शामिल होंगे। मंच से सम्राट चौधरी एनडीए सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं पर चर्चा करेंगे। साथ ही, मतदाताओं को भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता को विजयी बनाने की अपील करेंगे।
पिछले चुनाव का परिणाम और केदार गुप्ता की पृष्ठभूमि
2020 में राजद के अनिल सहनी ने कुढ़नी सीट पर भाजपा के केदार गुप्ता को 712 वोट से हराया था। बाद में 2022 के उपचुनाव में केदार गुप्ता ने जदयू प्रत्याशी को 3632 वोटों से हराकर विजय हासिल की।
केदार गुप्ता बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री हैं और वैश्य समाज से आते हैं। उनकी शिक्षा तमिलनाडु के विनायका मिशन यूनिवर्सिटी और देवघर के रतभरा हिंदी विद्यापीठ से हुई है।
कुढ़नी विधानसभा में भाजपा और राजद के बीच चुनावी टक्कर हमेशा नजदीकी रही है। पिछले चुनाव में दोनों दलों के वोट प्रतिशत में केवल .37% का अंतर था।
एनडीए की बड़ी जनसभा
एनडीए की इस जनसभा को अब तक की सबसे बड़ी चुनावी रैली बताया जा रहा है, जिसमें हजारों समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। कुढ़नी में भाजपा प्रत्याशी केदार गुप्ता का मुकाबला राजद के बबलू कुशवाहा और जन सुराज के मोहम्मद अली इरफान से है।
Amit Pateria