बिहार में भारी बारिश के चलते रेड अलर्ट, 16 लोगों की मौत
बिहार में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले 24 घंटे में 100 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है। पटना समेत 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि अन्य 23 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार बारिश से बिगड़े हालात
पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। सहरसा में आंधी के चलते एक वार्ड पार्षद की जान चली गई।
बेतिया और गोपालगंज में गंभीर स्थिति
बेतिया में भारी बारिश के कारण तीन फीट तक पानी भर गया है। सड़कों पर जलभराव और बिजली के 100 से अधिक पोल गिरने की खबरें सामने आई हैं। यहां मां-बेटी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। गोपालगंज में एक एंबुलेंस बाढ़ में डूब गई जिसे स्थानीय लोगों ने निकालकर मरीज और ड्राइवर की जान बचाई।
अन्य जिलों में भी बारिश का कहर
सुपौल में थाने और बैरक पानी में डूब गए हैं। रोहतास में 15 मकान गिरने की घटनाएं हुई हैं, जबकि छपरा में 8 घंटे की बारिश के बाद बिजली आपूर्ति बाधित रही। शिवहर और बक्सर में भी बारिश और आंधी के कारण घरों को नुकसान पहुंचा है।
बंगाल की खाड़ी से सक्रिय मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जिससे बिहार में भारी बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है। मानसून टर्फ लाइन के कारण राज्यभर में बारिश का दौर 8 अक्टूबर तक जारी रहने का अनुमान है।
प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश
रेड अलर्ट वाले जिलों में प्रशासन को सतर्क रहने और निचले इलाकों पर नजर रखने को कहा गया है। ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों में 70-100 मिमी बारिश की संभावना है, जिससे पेड़ गिरने और फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा है।
राजधानी पटना में मध्यम बारिश
पटना में शनिवार को रुक-रुक कर तेज बारिश हुई। यहां का तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री कम दर्ज किया गया। अगले 24 घंटे में मध्यम से भारी बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।