चारधाम यात्रा 2026: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 19 अप्रैल से खुलेंगे धामों के कपाट

· 1 min read
चारधाम यात्रा 2026: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 19 अप्रैल से खुलेंगे धामों के कपाट

चारधाम यात्रा 2026: ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू, 19 अप्रैल से खुलेंगे धामों के कपाट

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। श्रद्धालु अब घर बैठे मोबाइल, कंप्यूटर, मोबाइल ऐप या वॉट्सएप के जरिए यात्रा के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। यात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। इस साल चारधाम यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल से हो रही है, जब यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।

पंजीकरण प्रक्रिया और हेल्पलाइन

फिलहाल सरकार ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू किया है, जबकि ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन 17 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। यात्रा शुरू होने से पहले हरिद्वार, ऋषिकेश समेत कई प्रमुख स्थानों पर बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन काउंटर भी लगाए जाएंगे, ताकि इंटरनेट की सुविधा से वंचित श्रद्धालु भी आसानी से पंजीकरण करा सकें। यात्रियों की सहायता के लिए सरकार ने एक हेल्पलाइन नंबर 0135-1364 भी जारी किया है। इस नंबर पर यात्री रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, यात्रा मार्ग, व्यवस्थाओं और अन्य जरूरी जानकारी के बारे में सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

धामों के कपाट खुलने की तिथियां

केदारनाथ धाम

केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल 2026 को सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। यह तिथि महाशिवरात्रि (15 फरवरी 2026) के अवसर पर ऊखीमठ में पारंपरिक पंचांग गणना के बाद घोषित की गई थी। इस साल केदारनाथ यात्रा पिछले साल की तुलना में पहले शुरू हो रही है, जिससे श्रद्धालु 10 दिन पहले बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। 2025 की यात्रा के दौरान 17,68,795 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए थे।

बद्रीनाथ धाम

बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को सुबह 6:15 बजे श्रद्धालुओं के लिए खुलेंगे। बसंत पंचमी के मौके पर नरेंद्रनगर राजदरबार में पंचांग गणना के बाद यह तिथि तय की गई थी। चमोली में स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट इस बार पिछले साल के मुकाबले 11 दिन पहले खुलेंगे।

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम

उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल 2026 को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर विधि-विधान से भक्तों के लिए खोले जाएंगे।

बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान का काम जारी

बद्रीनाथ धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत मास्टर प्लान का काम अप्रैल 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना का उद्देश्य अगले 50 सालों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बद्रीनाथ को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है। करीब 424 करोड़ रुपए की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को 85 एकड़ क्षेत्र में तीन चरणों में लागू किया जा रहा है, ताकि अगली चारधाम यात्रा से पहले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिल सकें। फेज-1 में शेषनेत्र और बद्रीश झील का सौंदर्याकरण, अलकनंदा रिवर फ्रंट और वन-वे लूप रोड का काम अंतिम चरण में है, जबकि फेज-2 में मंदिर परिसर का विस्तार और अस्पताल का निर्माण शामिल है।

Amit Pateria