छिंदवाड़ा में रक्षाबंधन से पहले 501 मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए
रक्षाबंधन से पहले छिंदवाड़ा पुलिस ने कई परिवारों के चेहरों पर खुशी लौटा दी। जिला साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार जांच के जरिए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम हुए 501 मोबाइल फोन बरामद किए। इन मोबाइल की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 6 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस कंट्रोल रूम में मालिकों को सौंपे गए मोबाइल
बरामद मोबाइलों को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा गया। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और खुशी जाहिर की। कई महिलाएं और बहनें भी मोबाइल वापस पाने वालों में शामिल रहीं। रक्षाबंधन से ठीक पहले मोबाइल मिलने से उनके चेहरों पर खुशी देखी गई।
तकनीकी जांच और ट्रेसिंग से हुई बरामदगी
पिछले कुछ महीनों में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मोबाइल गुम होने की कई शिकायतें मिली थीं। पुलिस अधीक्षक के आदेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल ने शिकायतों पर काम शुरू किया। टीम ने गुम मोबाइल की तकनीकी जानकारी जुटाई और ट्रेसिंग कर अलग-अलग स्थानों से 501 मोबाइल बरामद किए।
विभिन्न वर्गों के लोगों को मिले फोन
बरामद मोबाइल के मालिक अलग-अलग वर्गों से हैं। इनमें शासकीय कर्मचारी, शिक्षक, अधिवक्ता, प्राइवेट कर्मचारी, बैंक कर्मचारी, डॉक्टर, नर्स, इंजीनियर, सेना के जवान, व्यापारी, दुकानदार, छात्र, ऑटो और ट्रैक्टर चालक, श्रमिक, गृहिणी और किसान शामिल हैं।
पुलिस की कार्रवाई से मिली आर्थिक राहत
मोबाइल गुम होने से लोगों को कीमत के साथ जरूरी संपर्क और डेटा खोने का डर रहता है। पुलिस द्वारा मोबाइल बरामद कर लौटाए जाने से लोगों को आर्थिक और व्यावहारिक राहत मिली है। छिंदवाड़ा पुलिस पहले भी गुम मोबाइल की शिकायतों पर कार्रवाई कर चुकी है। साइबर सेल की टीम के प्रयासों से 501 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों तक वापस पहुंचाए गए।
एसपी ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की
पुलिस अधीक्षक ने साइबर सेल की कार्रवाई की सराहना की है और टीम के सराहनीय कार्य के लिए पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि गुम मोबाइल की शिकायतों पर तकनीकी तरीके से लगातार काम किया जा रहा है।
Sachin Saxena