छतरपुर के स्कूल में टीचर की पिटाई से छात्र का कंधा टूटा
छतरपुर जिले के सटई रोड स्थित डिमांड पब्लिक स्कूल में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां 7वीं कक्षा के एक छात्र कृष्णा शिवहरे का शिक्षक द्वारा पिटाई करने पर कंधे की हड्डी टूट गई। घटना 6 नवंबर की है।
कॉपी गलत निकालने पर हुआ विवाद
12 वर्षीय कृष्णा ने बताया कि हिंदी की क्लास में उसने गलती से दूसरे विषय की कॉपी निकाल ली थी। इस पर शिक्षक मोहित बुधोरिया नाराज हो गए और उसका दाहिना हाथ तेजी से मरोड़ा। मारपीट के बाद छात्र को लगभग एक घंटे तक क्लास से बाहर जाने नहीं दिया गया। बच्चा क्लास में ही रोता रहा।
दो दिन तक दर्द में रहा छात्र
घटना के बाद कृष्णा दो दिन तक दर्द से परेशान रहा। 8 नवंबर को परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पता चला कि उसके कंधे में फ्रैक्चर है। अब उसका इलाज जबलपुर में किया जा रहा है।
शिक्षक पर आरोप और पिता की प्रतिक्रिया
कृष्णा ने आरोप लगाया कि शिक्षक अक्सर बच्चों को पीटते हैं और शिकायत करने पर स्कूल से निकालने की धमकी देते हैं। वहीं, कृष्णा के पिता राकेश शिवहरे ने कहा कि वे स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाकर थाने में शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगे।
Gulzar Ahmad