हरियाणा में बागेश्वर धाम बाबा की पदयात्रा का दूसरा दिन
बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा का आज, 9 नवंबर, हरियाणा में दूसरा दिन है। यात्रा सुबह 8 बजे फरीदाबाद के दशहरा ग्राउंड से शुरू हो चुकी है। बाबा के साथ कथावाचक अनिरुद्धाचार्य भी पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवा ध्वज फहराकर यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रा के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़ने की घटना
यात्रा के दौरान एक युवक ने सुरक्षा घेरा तोड़कर धीरेंद्र शास्त्री की ओर बढ़ने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत रोक लिया, लेकिन बाबा ने उसे अपने पास बुलाकर बातचीत की। युवक ने बताया कि वह बाबा का भक्त है, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
यात्रा का मार्ग और ठहराव
पदयात्रा मेट्रो मोड़, हार्डवेयर चौक, सोहना-बल्लभगढ़ रोड, सोहना टी-पॉइंट, बल्लभगढ़ होते हुए अनाज मंडी पहुंचेगी। अनाज मंडी में यात्रा के दौरान दोपहर का भोजन होगा। इसके बाद यात्रा NH-19 मार्ग से एलसन चौक और जेसीबी चौक गुजरती हुई करीब 15 किलोमीटर चलकर सीकरी गांव पहुंचेगी। यहां शगुन गार्डन में रात्रि ठहराव होगा।
ट्रैफिक अलर्ट
ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि सुबह 7 बजे से दशहरा ग्राउंड एनआईटी से हार्डवेयर चौक, सोहना टी पॉइंट और बल्लभगढ़ दशहरा ग्राउंड तक का रास्ता आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
Navjeet Kaur