अशोकनगर के मढ़ी महिदपुर गांव पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव
मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को अशोकनगर जिले के मढ़ी महिदपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के संगठन मंत्री हितानंद शर्मा के घर जाकर उनकी अस्वस्थ मां से मुलाकात की और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इस दौरान शर्मा के परिवार के अन्य सदस्यों से भी भेंट की और करीब डेढ़ घंटे तक गांव में रुके।
ग्राम सभा में बैठकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण एकत्र हो गए थे। उनके लिए खुले टेंट में बैठने की व्यवस्था की गई थी। प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और गांव के विभिन्न हिस्सों में पुलिस बल तैनात रहा।
इसी दौरान मुख्यमंत्री ने गांव के सरपंच को तत्काल पंचायत भवन भेजा और बाद में स्वयं पंचायत भवन पहुंचे। 26 जनवरी के मौके पर वहां ग्राम चौपाल (ग्राम सभा) चल रही थी, जिसमें मुख्यमंत्री ने बैठकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
सरकारी योजनाओं के लाभ पर हुई चर्चा
ग्राम सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने दशरथ सिंह कुशवाहा नामक ग्रामीण को बुलाकर उनकी समस्या जानी। उन्होंने पूछा कि क्या उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। दशरथ सिंह ने बताया कि उन्हें पटवारी और पुलिस से कोई परेशानी नहीं है तथा उनकी सुनवाई हो रही है, लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और उनकी पत्नी को लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं मिल रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें इन योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
इसी तरह, राजकुमार नामक एक अन्य ग्रामीण ने बताया कि उनके भाई को सम्मान निधि मिली है। मुख्यमंत्री ने दोनों ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया और मौके पर मौजूद अधिकारियों तथा गांव के सरपंच से भी इस संबंध में चर्चा की।
गोशाला का निरीक्षण और मीडिया से बातचीत
ग्राम सभा के बाद मुख्यमंत्री गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गायों की पूजा की, उन्हें गुड़ खिलाया और गोशाला की व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने गोशाला का निरीक्षण कर ग्रामीणों से चर्चा की और पंचायत भवन में सरपंच एवं पंचों से सेवा से संकल्प अभियान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस अभियान का निचले स्तर पर काफी बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है।
अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की और गांव में चल रहे विकास कार्यों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
Vivek Singh