दिल्ली धमाके में पुलवामा के डॉक्टर का संदिग्ध कनेक्शन
दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सोमवार शाम को एक चलती हुई सफेद हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ। इस भयानक घटना में 12 लोगों की मौत हो गई और 21 घायल हो गए। इस मामले में CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें काले मास्क पहने एक व्यक्ति कार चलाते हुए दिखा। सुरक्षा एजेंसियों का दावा है कि यह व्यक्ति डॉक्टर मोहम्मद उमर नबी हो सकता है, जो पुलवामा का निवासी है।
डॉ. उमर का आतंकी मॉड्यूल से कनेक्शन
डॉ. उमर नबी फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी में फैकल्टी था और उस पर जैश-ए-मोहम्मद आतंकी मॉड्यूल से जुड़े होने का आरोप है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने धमाके से कुछ घंटे पहले हरियाणा के फरीदाबाद में इस मॉड्यूल से जुड़े 3 डॉक्टरों समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके पास से 2,900 किलो विस्फोटक, एक असॉल्ट राइफल और एक AK-47 बरामद की थी। पुलिस को शक है कि डॉ. उमर ने 3 डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद यह आत्मघाती हमला किया।
DNA जांच के लिए उमर की मां का सैंपल लिया गया
पुलिस ने पुलवामा में डॉ. उमर की मां का DNA सैंपल लिया है, ताकि मृतकों के DNA से मिलान कर यह पता लगाया जा सके कि धमाके में मारे गए लोगों में उमर शामिल था या नहीं। उमर की भाभी ने बताया कि वह पिछले दो महीनों से घर नहीं आया था और दिल्ली में था।
जांच जारी, आतंकी नेटवर्क का खुलासा
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद से डॉक्टर मुजम्मिल शकील और लखनऊ से महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को भी गिरफ्तार किया। मुजम्मिल के कमरे से 360 किलो विस्फोटक और असॉल्ट राइफल मिली, जबकि शाहीन की कार से AK-47 बरामद हुई। पुलिस को शक है कि यह आतंकी मॉड्यूल दिल्ली, हरियाणा और कश्मीर में सक्रिय था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Lokendra Mishra