दिल्ली में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों से की मुलाकात
गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में मध्य प्रदेश के सांसदों और केंद्रीय मंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में उनके साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद थे।
बैठक में प्रमुख नेताओं की उपस्थिति
इस अहम चर्चा के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्रियों में ज्योतिरादित्य सिंधिया, डॉ. वीरेंद्र कुमार, एल. मुरुगन और दुर्गादास उईके ने भाग लिया। मध्य प्रदेश से सांसद शिवमंगल सिंह तोमर (मुरैना), आशीष दुबे (जबलपुर), महेंद्र सिंह सोलंकी (देवास), राहुल सिंह लोधी (दमोह), सुधीर गुप्ता (मंदसौर), डॉ. राजेश मिश्रा (सीधी) और राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी भी बैठक का हिस्सा बने।
6 अप्रैल को 18 जिलों में भाजपा कार्यालयों का भूमिपूजन
बैठक में 6 अप्रैल को भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई। इस दिन प्रदेश के 18 जिलों में भाजपा के जिला कार्यालयों का एक साथ भूमिपूजन किया जाएगा। इन भूमिपूजन समारोहों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। स्थानीय स्तर पर जिला अध्यक्ष, विधायक, सांसद और मंत्री गण अपने-अपने जिले में भूमिपूजन में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे।
Arvind Vishwakarma