दिव्यांग क्रिकेट फैन की इच्छा पूरी, मुख्यमंत्री ने दिलवाया वनडे मैच का टिकट
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हस्तक्षेप से उज्जैन जिले के एक दिव्यांग युवक का वर्षों पुराना सपना पूरा हो गया। भारत और न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में खेले जा रहे वनडे मैच के लिए उसे स्टेडियम में जाकर लाइव मैच देखने का अवसर मिला।
वीडियो संदेश के जरिए टिकट की गुहार
उज्जैन के बड़नगर तहसील के गांव बमनापानी निवासी दिव्यांग अभिषेक सोनी ने इंदौर में हो रही भारत-न्यूजीलैंड वनडे क्रिकेट सीरीज का टिकट मांगते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया था। वीडियो में अभिषेक ने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह दिव्यांग है और उसे क्रिकेट देखने का बहुत शौक है। उसकी इच्छा है कि वह भारत का मैच ग्राउंड पर बैठकर लाइव देख सके, लेकिन उसे टिकट नहीं मिल पा रहा है। इसलिए उसने मुख्यमंत्री से निवेदन किया था कि उसके लिए मैच का टिकट उपलब्ध कराया जाए।
पिता ने बताया बचपन से क्रिकेट का शौक
अभिषेक के पिता ने फोन पर बातचीत में जानकारी दी कि उनका बेटा बचपन से दिव्यांग है और उसकी उम्र 32 वर्ष है। उन्होंने बताया कि अभिषेक को क्रिकेट का इतना शौक है कि वह इंडिया टीम का कोई मैच नहीं छोड़ता और गांव में बैठकर सारे मैच देखता है। वह भारतीय क्रिकेट टीम का बड़ा फैन है और उसकी इच्छा थी कि इंदौर में हो रहे मैच को ग्राउंड से देख सके, लेकिन टिकट लेने की प्रक्रिया की जानकारी न होने के कारण उन्होंने प्रशासन से मदद मांगी। उज्जैन कलेक्टर के माध्यम से अभिषेक का संदेश मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया।
मुख्यमंत्री ने कराई टिकट की व्यवस्था
जैसे ही अभिषेक की मांग की खबर उज्जैन कलेक्टर के जरिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंची, उन्होंने तुरंत पहल करते हुए इंदौर में चल रहे वनडे क्रिकेट मैच के लिए अभिषेक के टिकट की व्यवस्था कराई। इसके बाद अभिषेक भारतीय टीम की जर्सी पहनकर स्टेडियम पहुंचे और पहली बार ग्राउंड से लाइव मैच देखने का मौका मिला।
इंदौर के होलकर स्टेडियम में निर्णायक मुकाबला
इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा है। बड़ी संख्या में दर्शक अपने परिवार और दोस्तों के साथ स्टेडियम में पहुंचे हैं। स्टेडियम के बाहर भारत की जर्सी, तिरंगे और पसंदीदा खिलाड़ियों के नाम और नंबर वाली टी-शर्ट की जमकर बिक्री हो रही है। इस माहौल के बीच अभिषेक का सपनों का दिन भी यादगार बन गया, जब वह स्टैंड में बैठकर अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देख सका।
दिव्यांग फैन के लिए खास दिन
इस पूरे घटनाक्रम ने अभिषेक जैसे क्रिकेट प्रेमियों के लिए उम्मीद की नई किरण जगाई है। प्रशासन और सरकार की त्वरित पहल से एक दिव्यांग क्रिकेट फैन का सपना साकार हुआ और वह पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर के वनडे मैच का प्रत्यक्ष गवाह बन पाया।
Lokendra Mishra