दोसा बैटर बना काल, अहमदाबाद में दो बच्चों की मौत, माता-पिता गंभीर

· 1 min read
दोसा बैटर बना काल, अहमदाबाद में दो बच्चों की मौत, माता-पिता गंभीर

अहमदाबाद: दोसा बैटर बना मौत का कारण, दो बच्चों की मौत, माता-पिता गंभीर

गुजरात के अहमदाबाद में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां घर पर बने दोसा खाने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महीने की बच्ची राहा और चार साल की मिश्री शामिल हैं। बच्चों के माता-पिता, विमल प्रजापति और भावना प्रजापति, दोनों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।

यह घटना दोसा बैटर से जुड़ी है, जिसे विमल प्रजापति ने 1 अप्रैल को अपने घर के पास स्थित घानेश्याम डेयरी से खरीदा था। उसी दिन विमल ने दोसा बनाकर खाया, जिसके बाद अगली सुबह उन्हें बेचैनी महसूस हुई और उन्होंने डॉक्टरी सलाह ली। हालांकि, भावना को यह एहसास नहीं हुआ कि यह दोसा बैटर ही विमल की परेशानी का कारण है।

इसके बाद भावना ने उसी बैटर से दोसा बनाकर बच्चों को खिलाया। कुछ समय बाद बच्चों को भी उल्टी होने लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। 4 अप्रैल को तीन महीने की बच्ची की और 5 अप्रैल को दूसरे बच्चे की मौत हो गई।

बच्चों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या दुकान से खरीदा गया दोसा बैटर बासी था या इसमें कोई जहरीला पदार्थ मिला हुआ था। यह भी सामने आया है कि तीन महीने के बच्चे को आमतौर पर ठोस भोजन नहीं दिया जाता, लेकिन यदि भोजन विषाक्तता से पीड़ित माँ ने स्तनपान कराया हो तो बच्चे को भी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

Adarsh Chaurasiya