मदर डेयरी दूध ₹4 प्रति लीटर महंगा, मध्य प्रदेश में नई दरें लागू

· 1 min read
मदर डेयरी दूध ₹4 प्रति लीटर महंगा, मध्य प्रदेश में नई दरें लागू

मदर डेयरी ने मध्य प्रदेश में दूध की कीमतें बढ़ाईं

मदर डेयरी ने अपने सभी वैरिएंट में 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें 14 नवंबर से मध्य प्रदेश में लागू हो गई हैं। इससे पहले 11 नवंबर को नई दिल्ली में कीमतें बढ़ाई गई थीं, लेकिन स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के अनुसार मध्य प्रदेश में सांची या स्थानीय दूध संघों के रेट बढ़ने पर ही यहां कीमतें बढ़ती हैं। अमूल ने 12 नवंबर और सांची ने 14 नवंबर को दाम बढ़ाए थे, जिसके बाद मदर डेयरी ने भी 14 नवंबर से नई कीमतें लागू कर दीं।

प्रदेश में सप्लाई और खपत का विवरण

मध्य प्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब डेढ़ लाख लीटर है। भोपाल में इसकी खपत लगभग 25 हजार लीटर प्रतिदिन है। इसके अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी सप्लाई होती है। पैक्ड दूध के मामले में प्रदेश में सांची की सबसे ज्यादा खपत है। भोपाल में खुले दूध की रोजाना खपत 6 से 8 लाख लीटर है। पैकेट वाले दूध में सांची की औसतन 3 लाख लीटर रोजाना बिक्री होती है, अमूल की खपत करीब 80 हजार लीटर है, फिर मदर डेयरी का नंबर आता है। सौरभ और श्रीधी दूध की संयुक्त खपत लगभग 1 लाख लीटर रोजाना है, इनकी सप्लाई भोपाल शहर के साथ ग्रामीण इलाकों में भी होती है।

कीमत बढ़ोतरी की वजह पैकिंग मटेरियल और ट्रांसपोर्ट महंगा होना बताई गई है। वित्तीय स्थिति संतुलित बनाए रखने के लिए पैक्ड दूध के उपभोक्ता मूल्य में बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी।

Bhavanesh Soni