मध्य प्रदेश: कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ा महंगाई भत्ता, मिलेगा लाखों का एरियर
मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के करीब 12 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ता (DA) 3 प्रतिशत बढ़ा दिया है। इस फैसले से कर्मचारियों को 4,185 से लेकर 38,070 रुपए तक का एरियर मिलेगा, वहीं उनकी मासिक सैलरी में हर महीने 465 से 4,230 रुपए तक की बढ़ोतरी होगी। बढ़ी हुई दर के बाद अब कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जो पहले 55 प्रतिशत था। पेंशनर्स को भी इसी दर से महंगाई राहत (DR) दी जाएगी।
एरियर भुगतान और पेंशनर्स की चिंता
सरकार ने एरियर का भुगतान एक साथ करने के बजाय 6 समान किस्तों में करने का निर्णय लिया है, जो मई से शुरू होंगी और नवंबर 2026 से पहले पूरी राशि दे दी जाएगी। इससे कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से लाभ मिलेगा।
हालांकि, पेंशनर्स के लिए एरियर भुगतान में बदलाव किया गया है। सरकार ने उन्हें जुलाई 2025 से एरियर देने के बजाय अब 1 जनवरी 2026 से एरियर देने का फैसला किया है। इस पर कर्मचारी संगठनों ने नाराजगी जताई है और पेंशनर्स को भी पूरा बकाया एरियर देने की मांग की है।
वित्त विभाग के आदेश का इंतजार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 2 मार्च को 12 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ाने की घोषणा की थी। इनमें लगभग 7.50 लाख कर्मचारी-अधिकारी और 4.50 लाख पेंशनर्स शामिल हैं। इस घोषणा को 15 दिन हो चुके हैं, लेकिन वित्त विभाग ने अभी तक इसका आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया है। इस कारण कर्मचारी और अधिकारी बढ़े हुए डीए और एरियर का लाभ मिलने का इंतजार कर रहे हैं। केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को पहले से ही 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता दे रही है, और राज्य के कर्मचारी लंबे समय से केंद्रीय दर के बराबर डीए की मांग कर रहे थे।
Bhavanesh Soni