एमपी में आज से गेहूं खरीदी शुरू: मंत्री करेंगे स्वागत, कांग्रेसी करेंगे घेराव
मध्य प्रदेश में आज से इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभागों में गेहूं खरीदी शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने इस बार गेहूं खरीदी में देरी का कारण इजराइल-ईरान युद्ध को बताया है। वहीं, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस इसे 'किसान विरोधी' बताते हुए सरकार का विरोध कर रही है।
भाजपाई करेंगे किसानों का स्वागत, सरकार की तैयारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राज्य सरकार के मंत्री, विधायक और किसान मोर्चा के पदाधिकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों का तिलक लगाकर स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को गेहूं खरीद की व्यवस्थाओं पर बारीकी से नजर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था है और गेहूं की प्रति क्विंटल कीमत को 2700 रुपए तक ले जाना सरकार की प्रतिबद्धता है। इसके लिए खरीद केंद्रों पर हेल्प डेस्क और जिला व मुख्यमंत्री कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। किसानों को पंपलेट और होर्डिंग के जरिए व्यवस्थाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। वर्ष 2026 को 'किसान कल्याण वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा।
देरी को लेकर कांग्रेसी करेंगे घेराव
गेहूं खरीदी में देरी के मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस और किसान कांग्रेस के पदाधिकारी सभी जिलों में कलेक्टर कार्यालयों का घेराव करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी छतरपुर जिले में इस प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं। आज के बाद 15 अप्रैल से प्रदेश के अन्य संभागों में भी गेहूं खरीद शुरू हो जाएगी।
Bhavanesh Soni