एमपी में 'नारी शक्ति वंदन' पखवाड़ा, सीएम ने दलगत राजनीति छोड़ने की अपील की

· 1 min read
एमपी में 'नारी शक्ति वंदन' पखवाड़ा, सीएम ने दलगत राजनीति छोड़ने की अपील की

एमपी में 'नारी शक्ति वंदन' पखवाड़ा, सीएम ने दलगत राजनीति छोड़ने की अपील की

मध्यप्रदेश में नारी शक्ति वंदन अधिनियम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 'नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा' का ऐलान किया है। यह अभियान 10 से 25 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में चलेगा।

पखवाड़े के दौरान कार्यक्रम

इस दौरान सरकार केवल कागजों पर काम नहीं करेगी, बल्कि प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम होंगे और हर जिले में नारी शक्ति पदयात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि इस अधिनियम की बारीकियों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए, ताकि महिलाएं अपने राजनीतिक अधिकारों को लेकर जागरूक हो सकें।

पीएम के संबोधन में वर्चुअली शामिल हुए सीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 'नारी शक्ति वंदन सम्मेलन' को संबोधित करते हुए देश की महिलाओं को एक नए युग की बधाई दी। उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल से शुरू हो रहा संसद का विशेष सत्र देश की नारी शक्ति को समर्पित होगा। इस कार्यक्रम में भोपाल के मंत्रालय से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी अपनी कैबिनेट के साथ वर्चुअली शामिल हुए।

सीएम की सभी दलों को चिट्ठी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के सभी सांसदों, विधायकों, पार्षदों और पंचायत प्रतिनिधियों को पत्र लिखा है। उन्होंने अपील की है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का क्रियान्वयन किसी एक दल का एजेंडा नहीं, बल्कि लोकतंत्र को समावेशी बनाने का महायज्ञ है।

लक्ष्य 2029

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश के विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की मंशा है कि यह अधिनियम पूरी तरह प्रभावी हो। उन्होंने उम्मीद जताई कि 2029 का लोकसभा चुनाव और उसके बाद होने वाले तमाम विधानसभा चुनाव महिला आरक्षण को पूरी तरह लागू करने के बाद ही संपन्न हों।

विमेन लेड डेवलपमेंट

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में देश को याद दिलाया कि भारत आज 'विमेन लेड डेवलपमेंट' यानी महिलाओं के नेतृत्व में विकास के पथ पर है। उन्होंने उदाहरण दिया कि वर्तमान में देश की राष्ट्रपति से लेकर वित्त मंत्री तक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर महिलाएं आसीन हैं।

पखवाड़े में होंगे महिला सम्मेलन

25 अप्रैल तक चलने वाले इस विशेष पखवाड़े के लिए सरकार ने पूरा खाका तैयार कर लिया है। इसके तहत जिला स्तर पर बड़े सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें महिला नेतृत्व को सम्मानित किया जाएगा।

Sharad Shrivastava