गणेश गोदियाल बने उत्तराखंड कांग्रेस के नए अध्यक्ष
कांग्रेस हाईकमान ने उत्तराखंड में बड़े संगठनात्मक बदलाव करते हुए गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह पहली बार है जब उत्तराखंड में किसी नेता को दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन में बड़े बदलाव
गणेश गोदियाल के साथ-साथ पार्टी ने 27 नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की और दो नई समितियां बनाई हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को कांग्रेस प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन नेताओं को आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति और प्रचार अभियान को दिशा देने की जिम्मेदारी दी गई है।
गणेश गोदियाल का राजनीतिक सफर
गणेश गोदियाल उत्तराखंड के प्रमुख कांग्रेस नेता हैं। उनका राजनीतिक सफर हमेशा बीजेपी के बड़े नेताओं के खिलाफ रहा है। उन्होंने 2002 में पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और 2012 में शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत को विधानसभा चुनाव में हराया था। 2017 में चुनाव हारने के बावजूद वे पार्टी में सक्रिय रहे।
पहले भी संभाली थी अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी
गणेश गोदियाल 2021-22 में भी उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रह चुके हैं। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी बहुमत तक नहीं पहुंच पाई थी, लेकिन 11 सीटों से 19 सीटों तक पहुंचने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। चुनाव में हार के बाद उन्हें अध्यक्ष पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
कांग्रेस का उद्देश्य
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने बताया कि यह बदलाव संगठन सृजन अभियान का हिस्सा है। पार्टी का उद्देश्य कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करना है।
Faraz Khan