IAS अधिकारी पर महिला कर्मचारी का गंभीर आरोप, बोलीं- 'तू दो कौड़ी की है, मंत्री की नहीं सुनता'

· 1 min read
IAS अधिकारी पर महिला कर्मचारी का गंभीर आरोप, बोलीं- 'तू दो कौड़ी की है, मंत्री की नहीं सुनता'

IAS अधिकारी पर महिला कर्मचारी का गंभीर आरोप

जबलपुर स्मार्ट सिटी की एक महिला प्रशासनिक कार्यकारी, दिलप्रीत भल्ला ने शपथ पत्र प्रस्तुत कर सीईओ अरविंद शाह (IAS) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला कर्मचारी का कहना है कि IAS अरविंद शाह ने उन्हें अपमानित किया और कहा कि 'तू दो कौड़ी की कर्मचारी है। मैं किसी मंत्री की नहीं सुनता हूं।'

विवाद की शुरुआत और वेतन रोकने का आरोप

शिकायतकर्ता के अनुसार, मार्च 2026 का उनका वेतन 10 अप्रैल 2026 तक नहीं आया था। प्रशासनिक अधिकारी से पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया कि CEO अरविंद शाह के आदेश पर वेतन रोका गया है। जब उन्होंने स्वयं CEO से वेतन भुगतान का निवेदन किया, तो शाह ने कथित तौर पर उन्हें अपमानित किया और चैंबर से बाहर जाने का आदेश दिया।

22 अप्रैल की घटना और मंत्री पर टिप्पणी

शपथ पत्र में 22 अप्रैल 2026 की घटना का जिक्र है, जब मंत्री राकेश सिंह के हस्तक्षेप के बाद CEO ने महिला कर्मचारी को चैंबर में बुलाया। आरोप है कि CEO ने कहा, 'तू दो कौड़ी की कर्मचारी है और मैं एक IAS अधिकारी हूं। मैं किसी मंत्री की बात नहीं सुनते।' कर्मचारी का दावा है कि बाहर निकलते समय शाह ने मंत्री के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग किया।

घटना के बाद मंत्री राकेश सिंह ने एक बैठक बुलाई, जिसमें जबलपुर कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त भी उपस्थित थे। मंत्री ने CEO को महिला सहकर्मी के साथ दुर्व्यवहार न करने की समझाइश दी। CEO ने अपनी भाषा गलत होने की बात स्वीकार की, लेकिन उन्होंने माफी नहीं मांगी, जिससे पीड़ित कर्मचारी आहत और डरी हुई हैं।

यह पूरा मामला 26 अप्रैल 2026 को नोटरी के समक्ष प्रस्तुत किए गए कानूनी शपथ पत्र के माध्यम से सामने आया है। 37 वर्षीय दिलप्रीत भल्ला ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष कार्यवाही की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह का दुर्व्यवहार दोबारा न हो। इस शिकायत की आधिकारिक कॉपी जबलपुर कलेक्टर को भी भेजी गई है।

Lokendra Mishra