IAS संतोष वर्मा के विवादित बयान पर नोटिस जारी
ब्राह्मणों की बेटियों को लेकर विवादित बयान देने वाले अजाक्स के प्रांताध्यक्ष और सीनियर IAS अधिकारी संतोष कुमार वर्मा को राज्य शासन द्वारा नोटिस जारी किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार देर रात यह नोटिस जारी किया।
अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी
नोटिस में कहा गया है कि वर्मा ने अखिल भारतीय सेवाएं आचरण नियम 1967 का उल्लंघन किया है। इसके आधार पर उन्हें अनुशासनात्मक कार्यवाही का भागीदार बनाया गया है। वर्मा को 7 दिन में जवाब देने के लिए कहा गया है। जवाब न मिलने पर एकपक्षीय कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई है।
विवादित बयान से भड़का विरोध
23 नवंबर को भोपाल के अंबेडकर मैदान में अजाक्स के प्रांतीय अधिवेशन में वर्मा ने कहा था कि एक परिवार में एक व्यक्ति को आरक्षण तब तक देना चाहिए, जब तक उनके बेटे को कोई ब्राह्मण अपनी बेटी दान नहीं देता। इस बयान का वीडियो वायरल होने के बाद विरोध तेज हो गया।
ब्राह्मण समाज और बीजेपी का विरोध
ब्राह्मण समाज के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। बीजेपी के प्रदेश मंत्री लोकेंद्र पाराशर ने बयान को घिनौना बताते हुए सजा की मांग की।
माफी और बयान पर सफाई
संतोष वर्मा ने अपने बयान पर माफी मांगी और कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उनका 27 मिनट का भाषण था, लेकिन केवल 2 सेकंड की क्लिप को प्रचारित किया गया।
Navjeet Kaur