ईद पर शाजापुर में नवनियुक्त शहर काजी का विरोध, पुलिस को करना पड़ा हल्का बल प्रयोग

· 1 min read
ईद पर शाजापुर में नवनियुक्त शहर काजी का विरोध, पुलिस को करना पड़ा हल्का बल प्रयोग

ईद पर शाजापुर में नवनियुक्त शहर काजी के विरोध में पुलिस ने किया हल्का बल प्रयोग

शनिवार सुबह करीब 11 बजे शाजापुर के कसेरा बाजार में नवनियुक्त शहर काजी रहमतुल्लाह के सम्मान समारोह के दौरान समाज के एक गुट ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शहर काजी के विरोध में मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे, जिससे कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।

विरोध का कारण: डीजे बजाने पर निकाह पढ़ाने से इनकार

विरोध का मुख्य कारण एक विवाह समारोह से जुड़ा है। बताया जाता है कि काजी रहमतुल्लाह ने डीजे बजाने का विरोध करते हुए एक निकाह पढ़ाने से इनकार कर दिया था और वहां से चले गए थे। इसी घटना को लेकर समाज के एक गुट ने उनके सम्मान समारोह में अपना विरोध दर्ज कराया।

इससे पहले, शहर काजी मोहसिन उल्ला ने ईदगाह पर नमाज अदा करने के बाद नायब काजी रहमतुल्लाह को अपना उत्तराधिकारी घोषित कर शहर काजी नियुक्त किया था।

पुलिस ने संभाली स्थिति, भीड़ को किया तितर-बितर

सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष सिंह वाघेला ने पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया और समाज के वरिष्ठ लोगों ने भी समझाइश देकर मामले को शांत कराया।

Sharad Shrivastava