भारत-न्यूजीलैंड टी20 विश्व कप फाइनल: बारिश की स्थिति में कौन होगा चैंपियन?
टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला रविवार, 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इस निर्णायक मैच में कीवी टीम जहां टी20 विश्व कप में अपनी ट्रॉफी का सूखा खत्म करना चाहेगी, वहीं भारत की नजर अपने तीसरे खिताब पर होगी। टूर्नामेंट में पहले ही दो मैच बारिश के कारण रद्द हो चुके हैं, जिससे फैंस में यह चिंता बढ़ गई है कि कहीं बारिश फाइनल मुकाबले को भी प्रभावित न कर दे। इसी के साथ यह सवाल भी उठ रहा है कि अगर भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मैच बारिश की भेंट चढ़ जाता है, तो कौन सी टीम चैंपियन होगी?
फाइनल के लिए रिजर्व डे और परिणाम के नियम
टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मैच के लिए 9 मार्च को रिजर्व डे रखा गया है। यदि रविवार को मैच नहीं हो पाता है, तो इसे सोमवार को पूरा किया जाएगा। मैच का परिणाम निकालने के लिए कम से कम 10-10 ओवर का खेल होना अनिवार्य है। यदि एक टीम 20 ओवर खेल लेती है और उसके बाद बारिश होती है, तो DLS मेथड से परिणाम के लिए दूसरी टीम को कम से कम 10 ओवर खेलने होंगे। अगर रविवार को मैच अधूरा रह जाता है और अतिरिक्त समय में भी पूरा नहीं होता है, तो सोमवार को वहीं से शुरू होगा, जहां से 8 मार्च को खत्म हुआ था। दोनों ही दिन, मैच पूरा कराने के लिए अतिरिक्त 120-120 मिनट उपलब्ध होंगे।
बारिश से मैच धुलने पर संयुक्त विजेता
यदि मैच डे और रिजर्व डे दोनों पर भी मैच पूरा नहीं हो पाता है, तो अंत में भारत और न्यूजीलैंड को संयुक्त रूप से टी20 विश्व कप का विजेता घोषित कर दिया जाएगा। ऐसा पहले भी एक बार हो चुका है जब आईसीसी टूर्नामेंट का फाइनल मैच रद्द हुआ था। चैंपियंस ट्रॉफी 2002 का फाइनल मैच भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था, जो बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया था और दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया गया था।
Ravi Yadav