इंदौर के पास नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन फटी, 150 फीट उछला पानी, कच्चा घर बहा

· 1 min read
इंदौर के पास नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन फटी, 150 फीट उछला पानी, कच्चा घर बहा

इंदौर के पास नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन फटी, 150 फीट उछला पानी, कच्चा घर बहा

पाइपलाइन फटने से अफरा-तफरी, घरों में घुसा पानी

इंदौर के पास महू में रविवार सुबह 7:30 बजे नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन फट गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना इंदौर-खंडवा रोड स्थित भेरूघाट के पास की है। पाइपलाइन फटते ही तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और पानी का विशाल फव्वारा करीब 150 फीट ऊंचाई तक उठा। पाइपलाइन में पानी का दबाव इतना अधिक था कि फव्वारा पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की ऊंचाई तक पहुंचता दिखाई दिया।

भेरूघाट क्षेत्र में रहने वाले विजय कोहली और सुगंध बाई कोहली ने बताया कि उनके परिवार के पांच मकान हैं। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही मिनटों में तेज रफ्तार से पानी उनके घरों की ओर बढ़ने लगा। स्थिति को देखते हुए परिवार के लोग जान बचाकर घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने बताया कि पानी का बहाव इतना तेज था कि घरों में रखा घरेलू सामान, राशन और अन्य सामग्री पानी में भीग गई। कई सामान बह भी गए, जिससे हजारों रुपए का नुकसान हुआ है।

तेज बहाव में बह गया चौकीदार का कच्चा मकान

घटना स्थल के पास वन विभाग की रोपणी भी स्थित है। यहां चौकीदार रमेश कोहली का कच्चा मकान बना हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार पानी का बहाव इतना तेज था कि पूरा कच्चा मकान सामान सहित बह गया। वहीं भेरू बाबा मंदिर के समीप स्थित बाबा ढाबा का टीन शेड भी पानी में बह गया।

ओंकारेश्वर से उज्जैन तक जाती है पाइपलाइन, लीकेज की शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय निवासी सचिन कोहली ने बताया कि यह पाइपलाइन ओंकारेश्वर से उज्जैन तक जाने वाली नर्मदा-क्षिप्रा परियोजना का हिस्सा है। सुबह अचानक पाइपलाइन फटने से पानी का तेज फव्वारा उठने लगा और आसपास के क्षेत्र में पानी फैल गया। लगभग एक घंटे तक पानी का तेज बहाव जारी रहा, जिसके बाद करीब 8:30 बजे सप्लाई बंद होने पर स्थिति सामान्य हुई। सचिन के अनुसार पानी के साथ बड़े-बड़े पत्थर भी उछलकर घरों तक पहुंच रहे थे। इसके कारण कई मकानों की टीन की चादरें तक क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की घटना पहली बार हुई है। इससे पहले कभी पाइपलाइन फटने की स्थिति नहीं बनी थी।

स्थानीय निवासी रवि कोहली का आरोप है कि पाइपलाइन में कई दिनों से लीकेज की समस्या थी। इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी गई थी। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई। उनका कहना है कि यदि शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो यह बड़ा हादसा टाला जा सकता था। अब स्थानीय लोग पूरे मामले की जांच और नुकसान के आकलन की मांग कर रहे हैं।

पानी की समस्या को लेकर किया घेराव

पानी की समस्या को लेकर ट्रेजर फेंटसी के समीप ताप्ती परिसर के रहवासियों ने बिजलपुर स्थित निगम के जल नियंत्रण ऑफिस का घेराव किया। पानी नहीं मिलने के कारण लोगों में नाराजगी थी, जिसके चलते वे यहां पहुंचे और ऑफिस के बाहर ही रोड पर बैठ कर पानी की मांग करने लगे। रहवासियों का कहना है कि पहले यहां 24 घंटे पानी आता था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पानी नहीं मिलने से काफी दिक्कत आ रही है। क्षेत्र में बोरिंग भी नहीं हैं। ऐसे में नर्मदा के पानी के भरोसे ही लोग हैं। उनका कहना था कि नर्मदा का बॉल खोलने पर यहां काफी देर बाद पानी पहुंचता है, तब तक बॉल बंद कर दिया जाता है, ऐसे में उनके यहां पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। रहवासियों ने बताया कि मामले में जलकार्य प्रभारी व एमआईसी मेंबर अभिषेक शर्मा बबलू से उनकी बात हुई है। उन्होंने इलाके में आने का और टंकियां पूरी भरने का आश्वासन दिया है। रहवासियों का कहना है कि पानी की समस्या को लेकर वे विधायक मधु वर्मा को भी अवगत कराएंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा-पार्टी छोड़ देंगे, बेटा बोला-पार्टी हमारी मां

सुखलिया सबमर्सिबल पंप से टैंकर भरवाने को लेकर शनिवार को विवाद की स्थिति बनी थी। वार्ड क्रमांक 20 की जनता को पानी देने के लिए यूथ कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल और कांग्रेस नेता चंद्रशेखर पटेल रात 3 बजे सूरज नगर सबमर्सिबल पंप से पानी भर रहे थे, तभी बिजली गुल हो गई। वे टैंकर लेकर सुखलिया सबमर्सिबल पंप पर पहुंचे। यहां शहर कांग्रेस अध्यक्ष व नगर निगम नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे के एक समर्थक ने सबमर्सिबल बंद कर दिया और उनके टैंकरों में पानी नहीं भरने दिया और पटेल से अभद्रता की। इससे आहत चंद्रशेखर पटेल ने वीडियो जारी किया। बता दें कि वार्ड 20 से उनकी बहू पार्षद हैं।

वीडियो में पटेल ने कहा कि मैं रात में सुखलिया टंकी वाले सबमर्सिबल पंप पर पहुंचा और सारे टैंकर बुलवाए, टैंकर भरने की बारी आई तो वहां चिंटू चौकसे का काम देखने वाला आया और उन्होंने पंप बंद कर दिया। पंप बंद करने के बारे में पूछा तो वह अभद्रता करने लगा और कहने लगा कि आपके क्षेत्र की जनता जाने और आप जानें। पटेल ने आरोप लगाया कि चिंटू चौकसे इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर हैं। अब सवाल ये है कि वे दो पद लेकर बैठे हैं, लेकिन अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभा पा रहे हैं, बड़े दुख की बात है। हम तो कैसे भी क्षेत्र की जनता को पानी दे देंगे। ऐसा दुर्व्यवहार करके आप कांग्रेसियों के साथ न्याय कर रहे हैं, जवाब दे चिंटू और राजू भदौरिया ( कांग्रेस पार्षद)। मैं इनसे व्यथित होकर गया हूं। वे बोले हम बीजेपी से भी लड़ रहे हैं और कांग्रेस के लोग भी बराबरी की लड़ाई लड़ रहे हैं। आज ऐसा लग रहा है कि मैं, मेरा बेटा (अमित पटेल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष, इंदौर) और मेरी बहू यशस्वी पटेल (कांग्रेस पार्षद) इस्तीफा देंगे।

पिता का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यूथ कांग्रेस अध्यक्ष व चंद्रशेखर पटेल के बेटे अमित पटेल ने भी एक वीडियो जारी किया और कहा कि पार्टी हमारे लिए मां स्वरूप है। अमित पटेल ने कहा कि मेरे पिता ने वीडियो के माध्यम से जानकारी रखी थी। टैंकर भरने में क्या समस्या आ रही थी। निश्चित ही यह हमारी पार्टी का अंदरुनी मामला है, इसे सार्वजनिक तरीके से नहीं लेना चाहिए था। उनके साथ जो हुआ उसके कारण वे आवेश में थे और उन्होंने आवेश में वीडियो बनाकर जारी किया। हम कांग्रेस पार्टी में है थे और रहेंगे। कांग्रेस पार्टी हमारे लिए सर्वोपरि है। हम किसी व्यक्ति विशेष के चलते या व्यक्ति विशेष से विवादों के चलते हम पार्टी को नहीं छोड़ेंगे। पार्टी हमारी मां स्वरूप है। पार्टी से जाने की बात निराधार है। पिता ने आवेश में आकर कहा है। हमारी व्यक्ति विशेष लोगों से नाराजगी है पार्टी से नाराजगी नहीं है। पार्टी के अंदर रहकर मामले का निराकरण करेंगे। सार्वजनिक बोलना उनकी पीड़ा थी।

Sharad Shrivastava