जबलपुर में 'गांव-बस्ती चलो' अभियान का शुभारंभ, महिला आरक्षण पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को जबलपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस के तहत 'गांव-बस्ती चलो' अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सबसे पहले राष्ट्र भाव को लेकर चलने वाली पार्टी है, जबकि कांग्रेस तुष्टिकरण के सिद्धांत पर चलती है। उन्होंने कांग्रेस को अंग्रेजों की बनाई संस्था बताया, जिसकी कोई विचारधारा नहीं है, और आरोप लगाया कि आजादी के बाद कांग्रेस नेताओं के व्यक्तिगत हितों की कीमत पूरे देश ने सालों तक चुकाई है।
संसद-विधानसभाओं में महिलाओं को 50% आरक्षण का दावा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए दावा किया कि केंद्र सरकार जल्द ही महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 50% प्रतिशत आरक्षण देने के लिए कानून बनाने जा रही है।
महिलाओं को जोड़ने के लिए चलेगा बड़ा अभियान
भोपाल से मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा महिलाओं को जोड़ने के लिए एक बड़ी तैयारी में जुट गई है। 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को जमीनी स्तर तक ले जाने के लिए आयोजनों की पूरी श्रृंखला चलाई जाएगी। इसके तहत जिला मुख्यालयों पर महिलाओं की बड़ी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी, साथ ही विधानसभा स्तर पर भी कार्यक्रम किए जाएंगे।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और देशभर के भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इस अभियान को लेकर दिल्ली में जल्द ही राज्यों की बैठक होगी, जिसमें उन्हें पूरा कार्यक्रम मिल जाएगा कि यह अभियान कब शुरू होगा और कब तक चलेगा।
सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम
इस अभियान के तहत समाज में उल्लेखनीय कार्य कर रही महिलाओं का चयन कर उनका सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जोड़ा जाएगा, ताकि महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को बढ़ावा दिया जा सके।
Navjeet Kaur