जम्मू में फारूक अब्दुल्ला के काफिले पर फायरिंग, डिप्टी सीएम भी थे साथ
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला के काफिले पर बुधवार देर शाम जम्मू में फायरिंग की गई। यह घटना उस समय हुई जब फारूक अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
आरोपी तुरंत गिरफ्तार, जांच शुरू
अधिकारियों के अनुसार, एक व्यक्ति ने उनके वाहन पर गोली चलाई। सुरक्षा कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग करने वाले आरोपी को मौके से पकड़ लिया है। इस घटना में फारूक अब्दुल्ला और सुरिंदर चौधरी दोनों सुरक्षित हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को समझा जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।
पहलगाम हमले पर फारूक अब्दुल्ला का पूर्व बयान
इससे पहले, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने पहलगाम आतंकी हमले के संदर्भ में कहा था कि ऐसे हमले "लोकल सपोर्ट" के बिना संभव नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया था कि आतंकवादी वहां कैसे आए, यह दर्शाता है कि किसी स्थानीय व्यक्ति ने उनकी मदद जरूर की होगी। अब्दुल्ला के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कड़ी आपत्ति जताई थी।
Satyam Tripathi