राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की जोधपुर में तबीयत बिगड़ी, सर्किट हाउस में कर रहे आराम
आज जोधपुर दौरे पर पहुंचे राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की तबीयत एमबीएम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह से लौटते समय बिगड़ गई। फिलहाल वे सर्किट हाउस में आराम कर रहे हैं, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच की और आराम करने की सलाह दी।
दीक्षांत समारोह के बाद महसूस हुई अस्वस्थता
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे सुबह करीब 11:00 बजे एमबीएम विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। दोपहर 1:00 बजे समारोह समाप्त होने के बाद जब वे सर्किट हाउस लौट रहे थे, तो रास्ते में उन्हें जी मिचलाने और उल्टी आने जैसा महसूस हुआ। सर्किट हाउस पहुंचने पर डॉक्टरों की टीम ने तत्काल उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और उन्हें हल्का भोजन के बाद आराम करने की सलाह दी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने की मुलाकात
राज्यपाल की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल, डीसीपी ईस्ट मनीष चौधरी और एसीपी ईस्ट प्रतीक सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी सर्किट हाउस पहुंचे और राज्यपाल का हालचाल जाना।
शाम को राजस्थान दिवस समारोह में होंगे शामिल
हालांकि तबीयत नासाज होने के बावजूद, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल हरिभाऊ बागडे को शाम को राजस्थान दिवस समारोह में शामिल होना है।
Gulzar Ahmad