गुना विधायक ने कलेक्टर को बताया 'नाकारा', सिंधिया ने की थी दो दिन पहले तारीफ
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दो दिन पहले जिस गुना जिला प्रशासन की तारीफ की थी, गुरुवार को उसी प्रशासन को गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने 'नकारा' बता दिया। यह घटना नवसंवत्सर के अवसर पर मानस भवन में आयोजित विक्रमोत्सव कार्यक्रम के दौरान हुई, जहाँ विधायक ने कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
विक्रमोत्सव कार्यक्रम में विधायक ने उठाई आवाज
नवसंवत्सर के अवसर पर प्रशासन द्वारा मानस भवन में विक्रमोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान सम्राट विक्रमादित्य के ऊपर एक नाटिका का मंचन भी हुआ। कार्यक्रम में विधायक पन्नालाल शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन और विशेषकर कलेक्टर पर तीखी टिप्पणियां कीं।
'आप कागजों में काम करते हो', 'गुनिया नदी' का भी किया जिक्र
विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपने संबोधन में कहा, "अब आप एक-दो दिन बाद गुनिया नदी का काम चालू करोगे न, उसे सहज मत मानना। बहुत कठिन है वो काम।" उन्होंने आगे जोड़ा, "न जाने कितने रसूखदार हैं न, दिल्ली, भोपाल और ग्वालियर से फोन लगवाएंगे आपको कि साहब जरा रुकवा देना। इसलिए मेरा इतना ही निवेदन है कि डिस्मेंटल आफ्टर सूचना। डिस्मेंटल आफ्टर संदेश।"
विधायक ने कलेक्टर पर सीधे हमला करते हुए कहा, "हम हर कदम पर आपके साथ खड़े हैं। कल हम इसीलिए नहीं आए उस मीटिंग में। आप करते तो हो ही नहीं, कागजों में करने से क्या मतलब। कुछ कर के बताओ न भाई। आपको याद करेंगे।" उन्होंने मानस भवन का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन कलेक्टर ने इसे बनवाया था, उन्हें लोग आज भी याद करते हैं, क्योंकि उन्होंने अच्छा काम किया था। "वो भी जिलाधीश था, आप भी श्रीमान जिलाधीश हैं," शाक्य ने तुलना करते हुए कहा।
शाक्य ने अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा, "ये एसडीएम तो आज से नवरात्रि चालू हो गईं, दुर्गा स्वरूप हैं, घूम जाएं तलवार लेकर खटा खट, देखो कितना मजा आता है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि गुना जिले को सुधरना चाहिए और अगर आज यह नहीं हुआ, तो कभी नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी, "आप जैसे ऐसे ही नकारा अफसर आते जाएंगे और चले जाएंगे।"
Arvind Vishwakarma