बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन बना, 3 नवंबर को आंध्र तट पर चक्रवात की आशंका
मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना एक कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है और यह चक्रवाती तूफान बन सकता है। आईएमडी के डायरेक्टर मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि संभावित तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है और यह 3 नवंबर को आंध्र तट से टकरा सकता है।
देशभर में अर्नब तूफान का असर
उत्तराखंड के केदारनाथ और बद्रीनाथ में बर्फबारी हो रही है। राजस्थान में ओले गिरे हैं और कई जिलों में तापमान 5 डिग्री तक गिर गया है। ओडिशा में चक्रवात से हुई भारी बारिश के बाद शुक्रवार को बाढ़ और भूस्खलन से तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें नौ महीने का एक बच्चा भी शामिल है। बिहार में चक्रवात अर्नब के कारण बारिश का सिलसिला जारी है और मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में अर्नब तूफान के कारण हुई बारिश और उसके बाद चली हवा से शुक्रवार को कई शहरों का दिन का तापमान 8 डिग्री तक गिर गया। उत्तराखंड में चक्रवात अर्नब से जुड़े मौसमी बदलाव और पश्चिमी विक्षोभ के असर के बीच शनिवार को भी मौसम बदला रहेगा, मौसम विभाग ने प्रदेश के 9 जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और झोंकेदार हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। हरियाणा में बीते दो दिनों की मौसमी हलचल और बारिश के बाद अब मौसम सामान्य और साफ होने लगा है।
दिल्ली-एनसीआर में निर्माण पर रोक
केंद्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में 5 से 20 नवंबर तक निर्माण और तोड़फोड़ के कामों पर रोक लगा दी है। यह रोक धूल उड़ाने वाले बाहरी कामों पर लागू होगी। इस दौरान दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और गौतम बुद्ध नगर के सरकारी और निजी कार्यालयों में आधे कर्मचारी घर से काम करेंगे। यह आदेश 8 नवंबर की दिवाली और नवंबर के पहले दो हफ्तों में पराली जलाने से बढ़ने वाले प्रदूषण को देखते हुए जारी किया गया है। रोक हाईवे, सड़क समेत अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं पर भी लागू होगी। रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल, अस्पताल, जलापूर्ति, स्वच्छता, राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा के प्रोजेक्ट को इससे छूट दी गई है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार देर रात आदेश जारी किया।
Sharad Shrivastava