जोमैटो से खाना ऑर्डर करना हुआ महंगा, प्लेटफॉर्म फीस में 19% की बढ़ोतरी
फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने अपने प्लेटफॉर्म फीस में 19% की बढ़ोतरी कर दी है। अब यूजर्स को हर ऑर्डर पर 12.50 रुपये के बजाय 14.90 रुपये देने होंगे, जो कि 2.40 रुपये ज्यादा है। यह नई दरें शुक्रवार से लागू हो गई हैं। जीएसटी जोड़ने के बाद यह राशि और बढ़ जाएगी।
प्लेटफॉर्म फीस क्या है?
प्लेटफॉर्म फीस हर एक फूड ऑर्डर पर लगने वाला एक अतिरिक्त शुल्क है। यह जीएसटी, रेस्तरां चार्ज और डिलीवरी फीस से अलग होता है। जोमैटो प्रतिदिन लगभग 20 से 25 लाख ऑर्डर डिलीवर करता है।
स्विगी के करीब पहुंची फीस
जोमैटो की मुख्य प्रतिद्वंद्वी कंपनी स्विगी वर्तमान में टैक्स समेत लगभग 14.99 रुपये प्लेटफॉर्म फीस वसूल रही है। अक्सर यह देखा गया है कि जब भी इन दोनों प्रमुख कंपनियों में से कोई एक अपनी फीस बढ़ाती है, तो दूसरी कंपनी भी जल्द ही अपने दाम बढ़ा देती है।
जोमैटो ने 2 रुपये से की थी शुरुआत
कंपनी ने सात महीने में दूसरी बार प्लेटफॉर्म फीस बढ़ाई है। अगस्त 2023 में जोमैटो ने पहली बार अपना मार्जिन बढ़ाने और लाभदायक बनने के लिए 2 रुपये का प्लेटफॉर्म शुल्क शुरू किया था। बाद में इसे बढ़ाकर 3 रुपये कर दिया गया और 1 जनवरी 2024 को यह 4 रुपये हो गया। इसके बाद इसे धीरे-धीरे बढ़ाकर 7 रुपये किया गया और अब यह 14.90 रुपये हो गया है। सितंबर 2023 में इसमें 20% का इजाफा किया गया था।
बढ़ती कीमतें और ऑपरेशनल कॉस्ट बनी वजह
इस बढ़ोतरी के पीछे कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। तेल महंगा होने से डिलीवरी पार्टनर्स का खर्च बढ़ता है और कंपनी के लॉजिस्टिक्स ऑपरेशंस पर भी असर पड़ता है। इसके अतिरिक्त, जोमैटो अपनी लाभप्रदता (मुनाफा) में सुधार के लिए भी समय-समय पर प्लेटफॉर्म फीस में बदलाव करती रहती है।
Janmejay Chaturvedi