रिटेल महंगाई 6.09% पहुंची, RBI सीमा पार; खाद्य वस्तुएं महंगी

· 1 min read
रिटेल महंगाई 6.09% पहुंची, RBI सीमा पार; खाद्य वस्तुएं महंगी

अक्टूबर में रिटेल महंगाई 6.09% दर्ज, RBI की 6% सीमा से ऊपर

अक्टूबर में देश की रिटेल महंगाई दर बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई है। सितंबर में यह 5.54% थी, यानी एक महीने में महंगाई दर में 0.55% की बढ़ोतरी हुई।

अक्टूबर में रिटेल महंगाई दर RBI की तय 6% की ऊपरी सीमा भी पार कर गई है। RBI ने देश में महंगाई दर की सीमा 4% से 6% तय की थी। रिटेल महंगाई बढ़ने की वजह खाने-पीने की चीजें महंगी होना है। अक्टूबर में दूध-अंडे और प्याज-लहसुन समेत रोजाना इस्तेमाल की चीजों के दाम बढ़े हैं। इससे अक्टूबर में खाद्य महंगाई 8.94% हो गई, जो सितंबर में 7.74% थी।

देश के कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स यानी CPI में खाने-पीने की चीजों की हिस्सेदारी करीब 40% है। यानी इनकी कीमतों में बदलाव का सीधा असर कुल महंगाई पर पड़ता है। इससे पहले अक्टूबर 2024 में खुदरा महंगाई 6% की सीमा पार कर 6.2% पर पहुंची थी। उस समय महंगाई का आंकड़ा CPI की पुरानी सीरीज के आधार पर जारी किया गया था, जिसका बेस ईयर 2012 था। मौजूदा नई सीरीज में अक्टूबर 2026 में महंगाई पहली बार RBI की 6% की ऊपरी सीमा से ज्यादा हुई है।

6.09% महंगाई दर का मतलब है कि इसकी तुलना अक्टूबर 2025 से की जा रही है। यह पूरे एक साल का बदलाव है। 6.09% एक औसत नंबर है जिसे 'कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स' कहते हैं। इसमें जीवन की सैकड़ों चीजें शामिल हैं। गणित बहुत सीधा है। अगर अक्टूबर 2025 में कोई सामान जैसे राशन ₹100 में खरीदा था, तो वही सामान अक्टूबर 2026 में ₹106.09 का हो गया है।

आशंका जताई गई है कि महंगाई इसी तरह बढ़ती रही, तो आम लोगों का खर्च और बढ़ सकता है। ऐसे में RBI पर इसे काबू में लाने का दबाव बढ़ गया है। इसके लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी की जा सकती है। ब्याज दरें बढ़ने से होम लोन, कार लोन और दूसरे कर्ज महंगे हो सकते हैं। इससे लोग कर्ज लेने और खर्च करने में कमी कर सकते हैं, जिससे बाजार में मांग घटेगी और महंगाई को काबू करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला RBI के लिए आसान नहीं होगा, क्योंकि इससे कर्ज लेने वालों पर भी बोझ बढ़ेगा।

उम्मीद है कि कच्चे तेल की कीमतें गिरने से राहत मिल सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर करीब 92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से महंगाई के दबाव में कुछ राहत मिल सकती है। बाजार की नजर अमेरिका-ईरान युद्ध में तनाव कम होने की उम्मीदों पर है। हालांकि, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों पर हमलों की आशंका भी बनी हुई है। इस वजह से कच्चे तेल की कीमतों को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

Adarsh Chaurasiya