कांग्रेस प्रत्याशी शिवप्रकाश गरीबदास का दो क्विंटल दूध से अभिषेक
बिहार के बेगूसराय जिले के बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी शिवप्रकाश गरीबदास ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने दियारा के पांच पंचायतों में दौरा किया। इस अभियान की शुरुआत दादूपुर पंचायत से हुई जो रानीटोल गांव तक पहुंची। यहां स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया और महागठबंधन जिंदाबाद, लालू यादव जिंदाबाद, तेजस्वी यादव जिंदाबाद, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए।
दूध से किया गया शिवप्रकाश का अभिषेक
रानीटोल गांव में स्थानीय लोगों ने शिवप्रकाश गरीबदास को करीब दो क्विंटल दूध से नहलाया। क्षेत्रीय लोगों ने इसे यादव समुदाय की परंपरा और सम्मान का प्रतीक बताया। इसके साथ ही शिवप्रकाश को राजद का प्रतीक चिन्ह लालटेन भी भेंट किया गया। इस मौके पर राजद जिला महासचिव अरुण यादव, युवा राजद नेता सन्नी यादव, और अन्य समर्थक उपस्थित थे।
राजद कार्यकर्ताओं की एकजुटता
राजद कार्यकर्ताओं ने शिवप्रकाश को अपना मजबूत समर्थन दिया और कहा कि महागठबंधन का असली उम्मीदवार वही हैं। उन्होंने एनडीए के सुरेन्द्र मेहता को हराने की प्रतिबद्धता जताई। जनसंपर्क अभियान के दौरान शिवप्रकाश को घोड़े पर बिठाकर क्षेत्र का दौरा कराया गया। इस दौरान लालू यादव और तेजस्वी यादव जिंदाबाद के नारे खूब गूंजे।
शिवप्रकाश गरीबदास ने कहा कि उनके साथ महागठबंधन के सभी दलों का समर्थन है। उन्होंने तेजस्वी यादव, राहुल गांधी, सोनिया गांधी और अन्य नेताओं का आशीर्वाद मिलने की बात कही। उन्होंने यह विश्वास जताया कि एनडीए के उम्मीदवार को हराकर वह विजय प्राप्त करेंगे।
Navjeet Kaur