मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का असर लगातार तेज हो रहा है।
सोमवार को खजुराहो में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो पिछले 10 साल का सबसे ज्यादा है। नौगांव में पारा 45.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि श्योपुर-दतिया समेत 15 शहर ऐसे रहे जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री या उससे ज्यादा रहा। भोपाल और ग्वालियर में 43.4 डिग्री, इंदौर में 42 डिग्री, उज्जैन में 42.4 डिग्री और जबलपुर में 42.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक श्योपुर में 44.8 डिग्री, दतिया में 44.7 डिग्री, टीकमगढ़ में 44.5 डिग्री, रीवा, सीधी और सतना में 44.4 डिग्री तापमान रहा। इसके अलावा मुरैना, शाजापुर, दमोह, रतलाम, मंडला, गुना और रायसेन में भी पारा 44 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
सागर जिले में बारिश से मिली राहत
सागर जिले में मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह तेज धूप के बाद दोपहर में बादल छाए और शाम को रहली व बंडा के ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
धार में स्कूलों के समय में बदलाव
धार जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव और अवकाश का आदेश जारी किया है। नर्सरी से 8वीं तक के छात्रों के लिए 28 से 30 अप्रैल तक छुट्टी घोषित की गई है। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं जारी रहेंगी, लेकिन उनका समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है।
गर्मी का असर बढ़ते ही मौसम विभाग ने बचाव की एडवायजरी भी जारी की है। लोगों से कहा गया है कि वे दिनभर पर्याप्त पानी पीएं और शरीर को हाइड्रेट रखें। दोपहर के समय लंबे समय तक धूप में न रहें। हल्के वजन और रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे और बुजुर्ग खासतौर पर ध्यान रखें।
Navjeet Kaur