* दिग्विजय, कमलनाथ और अर्जुन सिंह की राजनीतिक विरासत के तीन उत्तराधिकारियों के सामने निजी लोकप्रियता, संगठन और परिपक्वता की चुनौती* ✅✅ कांग्रेस की विरासत सँभालने वाले तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के पुत्र अब राजनीति की अगली सीढ़ी तलाश रहे हैं। सत्ता पक्ष से संघर्ष, संगठन में स्थान की तलाश और पद–प्रतिष्ठा–पावर की परिक्रमा; राहें अलग हैं, लेकिन मंजिल शायद एक.. पिता की पहचान, पुत्र की परीक्षा; पुरानी प्रतिष्ठा, नई परख; समर्थकों की सरगर्मी और सियासी संकेत—मध्यप्रदेश कांग्रेस में नई कहानी है... दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन यात्रा के रास्ते मैदान नाप रहे हैं, कमलनाथ के नकुलनाथ भोपाल में समर्थकों की ताकत तौल रहे हैं और दिवंगत अर्जुन सिंह के अजय सिंह विंध्य से आगे राजनीतिक रिश्ते मजबूत कर रहे हैं.. राहुल गांधी की राजनीति और जीतू पटवारी–उमंग सिंघार की जोड़ी के दौर में सवाल गहरा है: क्या तीनों को 2028 में कांग्रेस की सत्ता वापसी की संभावना दिखाई दे रही है? अर्जुन सिंह.. कमलनाथ.. दिग्विजय सिंह के बाद अब मध्य प्रदेश में कांग्रेस जीतू और उमंग के दौर में प्रवेश कर चुकी है... सवाल क्या तीन प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री के पुत्र यानी नेता पुत्र के बीच भविष्य को लेकर कोई आपसी प्रतिस्पर्धा ..मनमुटाव या फिर जबरदस्त समन्वय कोई चुनौती है या नहीं..क्या इसी उम्मीद में विरासत की सियासत व्यक्तिगत काबिलियत, कार्यकर्ताओं की कसौटी और आपसी तालमेल के प्रमाण माँग रही है?... इनमें से एक को प्रदेश से संगठन मजबूत करने के लिए जिले में भेजा गया .. स्वभाव मिलनसार जो मृदु भाषी है.. दूसरा चुनाव हारने के बाद देर से ही सही संसदीय क्षेत्र से अब राजधानी की ओर अग्रसर है.. जिनका स्वभाव शांत जिन्हें पिता की विरासत पर भरोसा.. और तीसरे सबसे अनुभवी, समर्थकों की भरमार, अनुभव जीतू उमंग से ज्यादा लेकिन बदलती कांग्रेस में फिट नहीं हो पा रहे.. जेन जी किस दौर में सबसे परफेक्ट पॉलीटिशियन उम्र जिन पर बोझ नजर नहीं आती, जो अपने से जूनियर पर भारी.. ### जयवर्धन : जिले की जिम्मेदारी, प्रदेश की उम्मीद? पहला सवाल जयवर्धन सिंह का है। पूर्व मंत्री और वर्तमान राघौगढ़ विधायक के पीछे दिग्विजय सिंह अपने अंदाज में सक्रिय हैं। उज्जैन से अयोध्या की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में जयवर्धन की भागीदारी, गीता वितरण और गुना–राजगढ़ से आगे संपर्क बढ़ाने की कोशिश विरासत को विस्तार देने का संकेत है। दिलचस्प यह कि प्रदेश स्तर की बड़ी भूमिका की उम्मीदों के बीच उन्हें गुना जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली.. राहुल गांधी की संगठन सृजन प्रक्रिया का यह हिस्सा जरूर है, मगर सवाल भी है—क्या जिले की जिम्मेदारी प्रदेश की सीढ़ी बनेगी? यात्रा में जीतू पटवारी की मौजूदगी तालमेल का सकारात्मक संकेत है... ### नकुलनाथ : जन्मदिन पिता का, प्रदर्शन पुत्र का दूसरा सवाल नकुलनाथ से है। कमलनाथ का जन्मदिन 18 नवंबर को है, लेकिन उसके उपलक्ष्य में 14 नवंबर को भोपाल में समर्थक जुटने वाले हैं। जन्मदिन पिता का, राजनीतिक केंद्र पुत्र और जगह छिंदवाड़ा नहीं, राजधानी! 2024 की लोकसभा हार के बाद किसी सदन के सदस्य नहीं रहे नकुलनाथ धीरे-धीरे फिर सक्रिय हो रहे हैं। नाथ परिवार के पुराने कार्यकर्ताओं की निष्ठा उनकी ताकत है, लेकिन छिंदवाड़ा–पांढुर्णा से बाहर स्वतंत्र समर्थक वर्ग का फैलाव अभी कसौटी पर है। क्या भोपाल का जमावड़ा संगठन को जोड़ेगा या अलग शक्ति केंद्र की चर्चा बढ़ाएगा?... ### अजय सिंह : विरासत के साथ अपनी काबिलियत तीसरा सवाल अजय सिंह ‘राहुल भैया’ का है। तीनों में सबसे वरिष्ठ राजनीतिक अनुभव उन्हीं के पास है। पूर्व मंत्री, दो बार नेता प्रतिपक्ष और वर्तमान चुरहट विधायक अजय सिंह केवल अर्जुन सिंह की विरासत के भरोसे नहीं टिके। विंध्य से निकलकर ग्वालियर–चंबल और अन्य क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से उनके अपने रिश्ते बने हैं। सोनिया गांधी की पुस्तक में अर्जुन सिंह की सूझबूझ का उल्लेख हुआ तो अजय ने आभार व्यक्त किया। दिग्विजय की तरह पिता का सक्रिय सहारा अब उनके पास नहीं; फिर भी मैदान में अपनी पूँजी से बने रहना उनकी अलग काबिलियत है... ### जेन-जी की राजनीति, अनुभव और स्वीकार्यता की परीक्षा तीनों के अनुभव की सीढ़ी साफ है—अजय पहले, जयवर्धन दूसरे और नकुलनाथ तीसरे। लेकिन जेन-जी के दौर में केवल वरिष्ठता सफलता की गारंटी नहीं। युवा संवाद, लगातार चुनावी मौजूदगी और जिले में संगठन चलाने का अवसर जयवर्धन को जीतू–उमंग की टीम में सबसे स्वाभाविक कार्यकारी सहयोगी बनाता है। अजय सिंह का अनुभव और क्षेत्रों से बाहर व्यक्तिगत नेटवर्क उन्हें रणनीतिक सलाह तथा पुराने–नए कार्यकर्ताओं के बीच सेतु की भूमिका के लिए उपयुक्त बनाता है। नकुलनाथ के पास साधन और समर्पित समर्थक हैं; उन्हें प्रदेशव्यापी स्वतंत्र पहचान सिद्ध करनी होगी... ### जीतू–उमंग की कांग्रेस में किसकी कितनी जगह? इधर दिग्विजय सिंह ने 2028 का चुनाव जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ने की बात कहकर संकेत दिया है। कमलनाथ पुत्र को आगे कर रहे हैं, जबकि अजय सिंह अपने दम पर सक्रिय हैं। तीनों परिवारों के समर्थक प्रदेशभर में हैं, लेकिन प्रदेश संगठन की निर्णायक कमान तीनों पुत्रों में से किसी के पास नहीं। ऐसे में क्या यह स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है या कल की कुर्सी के लिए आज की कतार? तीनों का व्यक्तिगत तालमेल कितना सहज है? इसका जवाब साझा अभियानों में मिलेगा, केवल समर्थकों की तालियों में नहीं... ### विरासत से आगे, एकजुटता ही असली कसौटी राहुल गांधी केंद्र में सत्ता पक्ष को सीधी चुनौती दे रहे हैं। मध्यप्रदेश में सवाल सिर्फ तीन पिता और तीन पुत्रों का नहीं, तीन राजनीतिक ताकतों को एक दिशा देने का है। क्या जयवर्धन की युवा पहुँच, अजय का अनुभव और नकुलनाथ का समर्थक आधार मिलकर जीतू–उमंग को मजबूत करेंगे? या अलग-अलग झंडे उठने से संगठन की डोर उलझेगी? विरासत टिकट दिला सकती है, भरोसा उधार नहीं दे सकती; वह जनता और कार्यकर्ताओं के बीच खुद कमाना पड़ता है... बॉक्स कुर्सी की कतार, पुत्रों का इम्तिहान पूर्व मुख्यमंत्रियों के पुत्र कल की कुर्सी के लिए आज की कतार में हैं या मिलकर कांग्रेस की ताकत बढ़ाएंगे? अजय सिंह के पास सर्वाधिक अनुभव और विंध्य से बाहर संपर्क हैं। जयवर्धन के पास विधायकी, संगठन और युवाओं तक पहुंच है। नकुलनाथ की ताकत नाथ समर्थकों की निष्ठा है, मगर स्वतंत्र प्रदेशव्यापी पकड़ अभी परखी जानी है। जीतू–उमंग के लिए तीनों उपयोगी तभी, जब प्रतिस्पर्धा सहयोग बने।
तीन पूर्व मुख्यमंत्री पुत्र, पोजिशनिंग बड़ी, परिपक्व कौन.. राहुल की कांग्रेस में नेता पुत्रों में फ्रंटलाइन पर आने की होड़.. (सवाल दर सवाल) (राकेश अग्निहोत्री)