महू आर्मी क्षेत्र में जमीन के भीतर बम धमाका, 15 वर्षीय की मौत, दर्जन भेड़ें मरीं

· 1 min read
महू आर्मी क्षेत्र में जमीन के भीतर बम धमाका, 15 वर्षीय की मौत, दर्जन भेड़ें मरीं

महू आर्मी क्षेत्र में बम धमाका, 15 वर्षीय किशोर की मौत

इंदौर के पास महू के आर्मी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक गंभीर हादसा हुआ, जब जमीन के भीतर दबा हुआ बम अचानक फट गया। इस विस्फोट में 15 वर्षीय किशोर अनिल की मौत हो गई और कई भेड़ों की भी जान चली गई।

भेड़ चराते समय आर्मी क्षेत्र में गया था किशोर

शाम करीब 5 बजे अंबाराम मैना अपने 15 साल के बेटे अनिल के साथ महू आर्मी क्षेत्र के पास भेड़ें चरा रहे थे। भेड़ें चरते-चरते आर्मी क्षेत्र के भीतर चली गईं, जिन्हें वापस लाने के लिए अनिल भी अंदर चला गया। उसी दौरान जमीन में धंसा हुआ बम फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ।

धमाके में गंभीर रूप से घायल अनिल की इलाज के दौरान मौत

धमाके में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि करीब एक दर्जन भेड़ें मौके पर ही मर गईं। घटना की सूचना मिलते ही आर्मी के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने अनिल को महू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान अनिल की मौत हो गई।

राजस्थान का रहने वाला है पीड़ित परिवार

अनिल का परिवार मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले का रहने वाला है। यह परिवार प्रदेश में भेड़ें बेचने के लिए आता है और फिलहाल पीथमपुर इलाके में डेरा बना कर रह रहा था। अनिल के तीन छोटे भाई हैं, जो पाली में ही रहते हैं।

पुलिस जांच जारी, मर्ग कायम

धमाके के बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। एडिशनल डीसीपी रूपेश द्विवेदी घटना से सम्बंधित जानकारी जुटा रहे हैं और आगे की जांच की जा रही है।

Arvind Vishwakarma