सीबीएसई विवाद: छात्रों ने राहुल गांधी से कहा, 'हमें एंटी-नेशनल कहा गया'
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को सीबीएसई के छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान, छात्रों ने परीक्षा और मूल्यांकन प्रणाली से जुड़े मुद्दों को उठाने के बाद मिली प्रतिक्रियाओं और आलोचनाओं के बारे में खुलकर बात की। छात्रों ने दावा किया कि समस्याओं पर सवाल उठाने की वजह से उन्हें सोशल मीडिया और अन्य मंचों पर 'एंटी-नेशनल' और 'देशविरोधी' करार दिया गया।
वेदांत ने सुनाई आपबीती
राहुल गांधी से मुलाकात करने वाले छात्रों में कक्षा 12वीं के वेदांत भी शामिल थे, जिनकी फिजिक्स की आंसर शीट बदल गई थी। वेदांत ने राहुल गांधी को बताया कि जब उन्होंने इस मामले में जवाब और स्पष्टीकरण मांगा तो उन्हें समर्थन मिलने के बजाय आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और कई लोगों ने उन्हें 'एंटी-नेशनल' करार दिया।
राहुल गांधी ने जताया समर्थन
रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी इन छात्रों के साथ बेहद अहम और खुली बातचीत हुई। उन्होंने छात्रों को मेधावी और साहसी युवा भारतीय बताते हुए कहा कि उन्होंने सीबीएसई और केंद्र सरकार से महज कुछ बुनियादी सवाल पूछे थे, लेकिन उन्हें जवाब की जगह अपमान झेलना पड़ा।
छात्रों की आवाज उठाई जाएगी
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों ने उन्हें बताया कि शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रक्रियाओं से जुड़ी चिंताओं को सामने रखने के बाद उन्हें लगातार निशाना बनाया गया। राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि छात्रों के बेहतर और सुरक्षित भविष्य के लिए उनकी आवाज उठाई जाएगी। कांग्रेस ने एक बयान जारी कर बताया कि राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याएं सुनीं और उनकी चिंताओं पर विस्तार से चर्चा की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि वेदांत और उनके साथियों जैसे प्रतिभाशाली छात्रों को महज इसलिए अपमानित किया गया, क्योंकि उन्होंने सीबीएसई और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए।
L. N. Bhargava