मध्य प्रदेश में ग्रुप-5 स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 373 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े स्टाफ नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य समकक्ष पदों के लिए ग्रुप-5 संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग सरकारी मेडिकल कॉलेजों, अस्पतालों और विभागीय संस्थानों में कुल 373 रिक्त पद भरे जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया और महत्वपूर्ण तिथियां
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 मार्च से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 30 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि 4 अप्रैल निर्धारित की गई है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा 15 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। इन पदों पर भर्ती से सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया
ग्रुप-5 भर्ती परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी और यह कुल 100 अंकों की होगी। प्रश्नपत्र दो भागों में रहेगा, जिसमें संबंधित पद से जुड़े तकनीकी ज्ञान पर आधारित प्रश्न और सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, सामान्य गणित, सामान्य विज्ञान व सामान्य अभिरुचि के प्रश्न शामिल होंगे। परिणाम तैयार करने के लिए Normalized Equi-Percentile (NEP) स्केलिंग पद्धति से नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा।
ऑनलाइन परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा, जिसमें दस्तावेज सत्यापन और अंतिम चयन सूची जारी कर संबंधित विभागों में नियुक्ति देना शामिल है।
योग्यता से जुड़े नियम
अधिकांश पैरामेडिकल पदों के लिए उम्मीदवार के पास 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी (PCB) विषय होना अनिवार्य है। इसके साथ संबंधित क्षेत्र में डिग्री, डिप्लोमा या प्रमाणपत्र भी जरूरी होगा। कुछ पदों के लिए संबंधित परिषद में पंजीयन अनिवार्य है, जैसे फार्मासिस्ट पद के लिए फार्मेसी में डिग्री या डिप्लोमा के साथ मध्यप्रदेश फार्मेसी काउंसिल में पंजीयन आवश्यक है। इस भर्ती के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी और सहायक स्टाफ की कमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
Navjeet Kaur