नागदा को गांव बताने पर अमिताभ बच्चन की बढ़ी मुश्किलें, कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट
कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में नागदा को लेकर की गई टिप्पणी पर सुपरस्टार अमिताभ बच्चन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नागदा के ज्यूडिशयल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMFC) न्यायालय ने इस मामले में परिवाद स्वीकार करते हुए प्रकरण दर्ज करने और संबंधित थाने से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
केबीसी में नागदा को बताया गया 'छोटा गांव'
यह विवाद सोनी चैनल पर 23 दिसंबर 2025 को प्रसारित 'कौन बनेगा करोड़पति' कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन द्वारा नागदा को पानी की समस्या से जूझ रहा एक छोटा सा गांव बताए जाने के बाद खड़ा हुआ। स्थानीय निवासियों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराई थी। स्थानीय निवासी और अधिवक्ता लक्ष्मण सुंदरा ने अमिताभ बच्चन के साथ-साथ सोनी पिक्चर्स नेटवर्क के सीईओ गौरव बैनर्जी के खिलाफ भी अपराध पंजीबद्ध करने की मांग की है।
शहर की छवि धूमिल करने का आरोप
परिवाद में आरोप लगाया गया है कि इतने बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रम में नागदा शहर के बारे में भ्रामक जानकारी दी गई, जिससे शहर की छवि प्रभावित हुई है। अधिवक्ताओं के अनुसार, कार्यक्रम में नागदा को छोटा गांव और पानी संकटग्रस्त बताया गया, जबकि यह तथ्यात्मक रूप से गलत है। परिवाद में उल्लेख किया गया है कि नागदा मालवा क्षेत्र का प्रमुख रेलवे जंक्शन है, जिसकी आबादी डेढ़ लाख से अधिक है और यह एक औद्योगिक नगर के रूप में विकसित है। इसमें यह भी बताया गया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तीन बार नागदा को जिला बनाने की घोषणा कर चुके हैं।
अगली सुनवाई 9 अप्रैल को
न्यायालय ने परिवाद को केस इंफॉर्मेशन सिस्टम (CIS) में दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 9 अप्रैल को निर्धारित की गई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
Pushpendra Chaubey