खजुराहो नृत्य महोत्सव के उद्घाटन समारोह में मंत्री के भाषण पर पर्यटकों ने की हूटिंग, लगाए 'गो बैक' के नारे
विश्व प्रसिद्ध खजुराहो नृत्य महोत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ, लेकिन पहले ही दिन मंच पर एक अप्रत्याशित स्थिति देखने को मिली। संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी जब भाषण देने मंच पर पहुंचे, तो दर्शकों ने 'गो बैक' के नारे लगाते हुए उनकी हूटिंग की।
समारोह में हुई देरी और दर्शकों का इंतजार
शुभारंभ समारोह शाम 6:30 बजे निर्धारित था, लेकिन मुख्य अतिथि और अन्य मंत्रियों के देर से पहुंचने के कारण यह लगभग दो घंटे की देरी से शुरू हुआ। दर्शक दीर्घा में बैठे देसी और विदेशी पर्यटक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, जिससे उनका धैर्य जवाब देने लगा था।
नेताओं के लंबे भाषणों से भड़के दर्शक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करीब 16 मिनट और सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने 3 मिनट तक अपना संबोधन दिया। इसके बाद जब संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने भाषण देना शुरू किया, तो पर्यटकों का सब्र टूट गया। उन्हें नृत्य प्रदर्शन का इंतजार था, लेकिन लगातार लंबे भाषणों से वे आक्रोशित हो गए और 'गो बैक' के नारे लगाने लगे। चारों तरफ से 'हो-हो' का शोर सुनाई दे रहा था।
हूटिंग के बावजूद जारी रहा मंत्री का संबोधन
भारी हूटिंग और शोरगुल के बावजूद मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपना भाषण लगभग 6 मिनट तक जारी रखा। शोर और बढ़ने पर भी वे अपनी चार पंक्तियां सुनाने पर अड़े रहे। उन्होंने मंच से यह स्वीकार किया कि लोग कार्यक्रम देखने के लिए उत्सुक हैं, लेकिन अपनी कविता सुनाए और जयकारे लगवाए बिना मंच से नीचे नहीं उतरे।
विदेशी पर्यटकों ने जताई नाराजगी
इस घटनाक्रम पर मौजूद विदेशी पर्यटकों ने भी अपनी निराशा व्यक्त की। इटली के फ्लोरेंस से आए एलेसांद्रो ने कहा कि वे इटली में माहौल को महसूस करने और नृत्य देखने के आदी हैं, न कि लंबे भाषण सुनने के। उनकी साथी जूलिया ने भी कहा कि जगह और माहौल शानदार है, लेकिन मंत्री ने शायद कुछ ज्यादा ही बातें कर दीं और वे सिर्फ नृत्य देखना चाहते थे। यह महोत्सव 26 फरवरी तक चलेगा, जहां दर्शकों ने रंग-बिरंगे नृत्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
Adarsh Chaurasiya