नितिन नवीन का बांकीपुर MLA पद से इस्तीफा मंजूर
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफे पर बना सस्पेंस खत्म हो गया है। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नितिन नवीन का इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को सौंप दिया, जिसे तुरंत मंजूर कर लिया गया है। नितिन नवीन ने कल रविवार को ही संजय सरावगी को अपना इस्तीफा सौंपा था।
20 साल तक किया बांकीपुर का प्रतिनिधित्व
नितिन नवीन ने स्वयं अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी कि वह बिहार विधानसभा के बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2006 से लेकर 2026 तक लगातार पांच बार इस सीट से विधायक चुने जाकर बांकीपुर का प्रतिनिधित्व किया है। इस दौरान उन्होंने बांकीपुर सीट को भाजपा का मजबूत गढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाई।
राष्ट्रीय राजनीति में बढ़ा कद
हाल ही में नितिन नवीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है और वे राज्यसभा के लिए भी निर्वाचित हो चुके हैं। संवैधानिक प्रावधानों के तहत उन्हें विधायक पद छोड़ना अनिवार्य था, जिसके चलते यह इस्तीफा औपचारिक रूप से दिया गया है। उनकी यह नई भूमिका उनके बढ़ते राजनीतिक कद का संकेत है, जहां वे अब राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारियां निभाएंगे।
बिहार में नई राजनीतिक दिशा
विधानसभा से इस्तीफा देने के बाद नितिन नवीन अब पूरी तरह से अपनी नई जिम्मेदारियों, यानी राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य के रूप में, पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उनके इस्तीफे से बांकीपुर सीट खाली हो गई है, जिससे यहां उपचुनाव की संभावना बन गई है। इस घटनाक्रम को बिहार की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे राज्य में संगठनात्मक और राजनीतिक समीकरणों में बदलाव की उम्मीद है।
Lokendra Mishra