नीतीश कुमार का MLC पद से इस्तीफा , मंत्री अशोक चौधरी भावुक; नितिन नवीन ने भी दिया रिजाइन

· 1 min read
नीतीश कुमार  का  MLC पद से इस्तीफा , मंत्री  अशोक चौधरी  भावुक;  नितिन नवीन  ने भी दिया रिजाइन

नीतीश कुमार का MLC पद से इस्तीफा, मंत्री अशोक चौधरी हुए भावुक; नितिन नवीन ने भी दिया रिजाइन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा मंत्री विजय चौधरी और MLC संजय गांधी विधान परिषद लेकर पहुंचे। इस दौरान, नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद मंत्री अशोक चौधरी भावुक नजर आए और फफक कर रोते दिखे।

मंत्री विजय चौधरी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं, और यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है जिसके तहत उन्हें इस्तीफा देना था। उनका त्यागपत्र MLC संजय गांधी ने विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को सौंप दिया। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी ने मुख्यमंत्री से दबाव में इस्तीफा दिलवाया है।

नितिन नवीन ने भी MLA पद से दिया इस्तीफा

इसी क्रम में, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनका इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार को सौंपा। नितिन नवीन ने असम जाने से पहले अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा था।

विधानसभा अध्यक्ष ने नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बने रहने पर की पुष्टि

बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने साफ किया है कि यदि नीतीश कुमार चाहें तो वे अगले छह महीनों तक मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बने रह सकते हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। उनके साथ एनडीए के चार अन्य सदस्य भी चुने गए थे, जिनमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल थे। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई सदस्य दूसरे सदन के लिए चुना जाता है, तो उसे 14 दिनों के भीतर दोनों सदनों में से किसी एक से इस्तीफा देना अनिवार्य होता है।

नितिन नवीन का मां को लेकर भावुक पोस्ट

इस्तीफे के बीच, नितिन नवीन ने अपनी मां को लेकर एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट भी साझा किया। उन्होंने लिखा, "मां की परछाई तो नहीं है, पर मां का एहसास आज भी उसी तरह जीवंत है। पिछले 5 सालों में कई मुकाम और प्रतिष्ठा मिली, पर उन सब के बीच में कुछ खालीपन का एहसास हमेशा दिल को कचोटता भी है।" उन्होंने अपनी मां के आशीर्वाद और उनके जीवन में महत्व को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

Gulzar Ahmad